राजनांदगांव
पूर्व सांसद ने किए थे प्रयास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 दिसंबर। मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत राज्य शासन द्वारा कैंसर एवं अन्य गंभीर जानलेवा बीमारी से जूझ रहे राजनांदगांव जिले के 12 मरीजों को कुल 35 लाख 24 हजार रुपए की राशि अस्पताल के खाते में भुगतान कर पीडि़त गरीब मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है। इन सभी मरीजों ने पूर्व सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव से भेंट कर अपनी पीड़ा से अवगत कराते इलाज के लिए सरकारी मदद दिलाने की गुहार लगाई थी।
निजी अस्पताल में ईलाज के दौरान होने वाले लमसम खर्च को वहन करने में असक्षम इन मरीजों के परिजनों से प्राप्त आवेदन पर त्वरित पत्राचार करते पूर्व सांसद मधुसूदन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को अवगत कराया गया। इन मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाने एवं इलाज हेतु तत्परता से चिकित्सकीय औपचारिकताएॅ पूर्ण करवाने में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं समाजसेवी राजेन्द जैन का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। विस अध्यक्ष डॉ. रमन ने भी इन मरीजों के प्रकरण में संवेदनशीलता एवं सहृदयता का परिचय देते मुख्यमंत्री को मरीज के उपचार हेतु तत्काल राशि जारी करने अनुशंसा की।
जिसके पश्चात सीएम के आदेश पर मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत इन मरीजों के उपचार हेतु संबंधित चिकित्सालयों को, प्राप्त प्राक्कलन के आधार पर कुल 35 लाख 24 हजार रुपए की सहायता राशि संबंधित चिकित्सालयों को जारी कर मरीजों को राहत प्रदान की गई है।
उक्त स्वीकृति आदेश की एक प्रति पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने अपने हाथों से मरीज मुरलीधर तिवारी, ग्राम पाटेकोहरा एवं अन्य के परिजनों को सौंपते मरीज और परिजनों के जीवन में पुन: खुशियां बिखेर दी। इलाज हेतु राज्य शासन से आर्थिक मदद स्वीकृत होने पर सभी मरीजों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव एवं समाजसेवी राजेन्द्र जैन को धन्यवाद देते उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।


