राजनांदगांव

22 से रूद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी छग हॉकी लीग का आगाज
21-Dec-2024 1:57 PM
22 से रूद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी छग हॉकी लीग का आगाज

20 टीमें और 220 खिलाड़ी होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 दिसंबर। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इस वर्ष एक नई ऊंचाई छूने जा रही है। यह अखिल भारतीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता तीन श्रेणियों ओपन महिला वर्ग, मिनी बॉयज और सब जूनियर वर्ग में खेली जाएगी।

छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की 20 प्रमुख टीमों के कुल 220 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता मे भाग लेने वाली टीमों में अमरावती महाराष्ट्र, नागपुर महाराष्ट्र, आरके रॉय फाउंडेशन बिहार, खालसा क्लब वेस्ट बंगाल, खेलो इंडिया राजनांदगांव, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर स्पोट्र्स अकादमी, खेलो इंडिया जांजगीर चाम्पा, खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सलेंस ए एवं खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बी बिलासपुर ए एवं बिलासपुर बी, बेमेतरा एवं कवर्धा की टीमें शामिल है। विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। राजनांदगांव के स्थानीय खिलाडिय़ों को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन दिखाने चार स्थानीय टीमें बसंतपुर, मिलचाल, मोतीपुर एवं पटरी पार चिखली की टीमों को भी एंट्री दी गई है। इस प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक संचालन के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा राष्ट्रीय स्तर के छत्तीसगढ़ हॉकी एवं हॉकी इंडिया के क्वालीफाइड मैच अंपायर एवं अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि इस लीग में देश के विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित टीमें भाग ले रही है। यह हमारे छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों के लिए इन टीमों के साथ मैच खेलने का सुनहरा अवसर है। जिला हॉकी संघ हॉकी राजनांदगांव के सचिव शिवनारायण धकेता ने बताया की प्रतियोगिता के सभी मैच राजनांदगांव के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के मिनी एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड में खेले जाएंगे। छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानीय टीमों की भागीदारी इस प्रतियोगिता को और खास बनाती है। यह लीग न केवल राज्य के खिलाडिय़ों को प्रेरित करेगी, बल्कि उनके खेल कौशल को निखारने में मददगार साबित होगी।

कोच मृणाल चौबे ने कहा कि राजनांदगांव के कई ऐसे उभरते हुए खिलाड़ी जिनमें हॉकी खेलने की प्रतिभा है, इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। यह आयोजन उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

उक्त प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम मे आयोजित बैठक में हॉकी जगत के नीलमचंद जैन, कुमार स्वामी, भूषण साव, चन्दन सिंह भारद्वाज, मेहबूब खान, छोटेलाल रामटेके, भागवत भैया, अशोक देवांगन, महेंद्र सिंह ठाकुर, गुणवंत पटेल, सब्बीर, सचिन खोबरागढ़े, शकील अहमद, आशीष सिन्हा, मनीष सोनी, पीताम्बर रजक हैदरी, प्रिंस भाटिया, कृष्णा यादव, आनंद यादव, अमित माथुर एवं तोहर यादव उपस्थित रहे। जिनके मार्गदर्शन और समर्थन ने इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।

रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित यह छत्तीसगढ़ हॉकी लीग मे राजनांदगांव के समाजसेवियों एवं सेवाभावी संस्था द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट