राजनांदगांव
केंद्रीय गृहमंत्री शाह का फूंका पुतला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 दिसंबर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा कथित रूप से बाबा साहब अम्बेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को स्थानीय जयस्तंभ चौक में पुतला फूंककर कड़ा विरोध जाहिर किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने आरोप लगाते कहा कि पूजनीय बाबा साहब अम्बेडकर के खिलाफ टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, कम है। उसके इस रवैये से संविधान निर्माता की साख को भाजपा ने प्रभावित किया है। इसलिए केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका गया।
महापौर हेमा देशमुख ने भी आरोप लगाया कि भाजपा दलित विरोधी है। अमित शाह की टिप्पणी से हर कोई आहत है। पुतला फूंकने के दौरान केंद्रीय मंत्री शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा भारतीय संविाधान को लगातार कमजोर कर रही है। अम्बेडकर ने एक मजबूत और धर्मनिरपेक्ष संविधान तैयार किया था जो संघ परिवार को चूभता है। अमित शाह का एक सोची-समझी साजिश है। कांग्रेसियों ने उनसे इस्तीफे की मांग की।
पुतला दहन के दौरान महापौर हेमा देशमुख, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, जिलाध्यक्ष भागवत साहू, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख समेत महेश साहू, नीरज कन्नौजे, मेहुल मारू, अमित चंद्रवंशी, सूर्यकांत जैन, प्रज्ञा गुप्ता, शकील रिजवी, अमर झा, मनीष गौतम, जितू शर्मा अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


