राजनांदगांव

बेटियां शतरंज में दिखाएंगी जौहर
17-Dec-2024 2:21 PM
बेटियां शतरंज में दिखाएंगी जौहर

शहर में 18 से 5 दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 दिसंबर।
जिला शतरंज संघ और अग्रवाल सभा के संयुक्त तत्ववधान में आगामी 18 से 22 दिसंबर तक शहर के अग्रसेन भवन में 5 दिवसीय स्मार्ट गर्ल ऑल इंडिया ओपन फाइट रेटेड चेस्ट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। रेटिंग बढ़ाने यह टूर्नामेंट शहर में 42 साल बाद आयोजित हो रहा है। इस आयोजन में 11 राज्यों की बेटियां शतरंज स्पर्धा में अपनी खेल का जौहर दिखाएंगी। इस आयोजन के संबंध में जिला शतरंज संघ और अग्रवाल सभा के पदाधिकारी ने रविवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी। 

प्रेसवार्ता में पदाधिकारी ने बताया कि शहर के अग्रसेन भवन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ द्वारा मान्यता दी गई है। इस प्रतियोगिता में देशभर के 11 राज्यों से 122 खिलाड़ी शामिल होंगे। जिसमें कर्नाटक, आंधप्रदेश, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, वेस्ट बंगाल, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों के खिलाड़ी शामिल होंगे। नौ चक्र में आयोजित प्रतियोगिता का मुकाबला क्लासीफाइड फारमेट से होगा। इस प्रतियोगिता में 19 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय को 15 हजार, तृतीय को 9 हजार, चतुर्थ को 7 हजार, पंचम को 5 हजार और 6वें से 10वें स्थान तक 2 हजार एवं 11वें से 15वें स्थान प्राप्त करने पर एक हजार रुपए और प्रतीक चिन्ह से खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन को लेकर प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठ ने बताया कि भारत में बालिका वर्ग की आर्थिक स्थिति के चलते शतरंज खेल में उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती है। इसी प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से स्मार्ट गर्ल इंडिया रेटिंग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो खिलाड़ी इसमें अच्छा प्रदर्शन करेंगे, उन्हें अंतरराष्ट्रीय वरीयता मिलेगी। इसमें प्रवेश शुल्क 250 रुपए रखा गया है। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शरद अग्रवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता वर्ष 1982 के बाद अब 2024 में आयोजित हो रही है। इस प्रतियोगिता में सलेक्ट होने वाले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। इस प्रतियोगिता से उनके खेल की रेटिंग तय होगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था अग्रवाल समाज द्वारा नि:शुल्क की जाएगी। प्रेसवार्ता में शतरंज संघ के अध्यक्ष ललित भंसाली, आलोक बिंदल, संजय अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट