राजनांदगांव

राजनांदगांव/खैरागढ़, 13 दिसंबर। सायबर ठगी के शिकार पीडि़तों को खैरागढ़ पुलिस ने रकम वापस कराया गया। इससे पीडि़तों के चेहरे पर मुस्कान आई। खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में चलाए जा रहे समर्थ सायबर जागरूकता अभियान का व्यापक असर दिख रहा है। वहीं पीडि़तों को सायबर ठगी की रकम वापस दिलाने विभिन्न स्तर पर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन एवं एएसपी निमेश कुमार गौतम व अनुविभागीय अधिकारी लालचंद मोहले के मार्गदर्शन एवं खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में समर्थ अभियान के तहत जिला क्षेत्रांतर्गत सायबर जागरूकता शिविर का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को सायबर संबंधित अपराधों से बचने एवं फ्रॉड होने पर क्या करना और क्या नहीं करना चाहिए इस संबंध में विस्तृत जानकारी लगातार जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में 12 दिसंबर को पीडि़तों 1930 हेल्प लाइन नंबर के माध्यम से हेल्ड कराए गए ठगी के रकम की वापसी के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष खैरागढ़ थाना के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रकरणों का अवलोकन कर न्यायालय के आदेशानुसार लगभग एक लाख 43 हजार 119 रुपए अलग-अलग पीडि़तों को वापस सुपुर्द करने आदेश की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।