राजनांदगांव

हड़ताल से निगम का कामकाज ठप
11-Dec-2024 3:32 PM
हड़ताल से निगम का कामकाज ठप

 निगम के प्लेसमेंट कर्मियों की 3 और नियमित की 6 सूत्रीय मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 11 दिसंबर।
नगर निगम के प्लेसमेंट और नियमित कर्मचारी अपनी-अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल से प्रशासनिक कामकाज ठप हो गया है। राजस्व समेत अन्य महत्वपूर्ण  कार्यों पर हड़ताल से प्रतिकूल असर पड़ा है। नगर निगम में सन्नाटा पसरा हुआ है। 

अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर नगरीय निकाय के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए,  वहीं आज बुधवार को भी अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर नियमित कर्मचरी भी हड़ताल पर निकल गए हैं। इससे नगर निगम में कामकाज ठप हो गया है।  

अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले प्रदेश स्तर पर नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल पर जा रहे नगर निगम के कर्मचरी सुबह निगम परिसर के समीप एकत्र हुए और प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होने रायपुर रवाना हुए। नगरीय निकाय के कर्मचारियों के हड़ताल के कारण नगर निगम में कामकाज बुरी तरह प्रभावित रहा।

राजनांदगांव नगर निगम में लगभग 400 नियमित कर्मचारी हैं, वहीं लगभग 500 प्लेसमेंट कर्मचारी पहले ही हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में एक साथ सैकडों कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से मूलभूत कार्यों पर ब्रेक लगेगा। जिससे पानी, बिजली, सफाई व अन्य कार्य प्रभावित हुए।

नियमित कर्मचारियों की 6 सूत्रीय मांग
नगरीय निकाय कर्मचारियों ने शासन से 6 सूत्रीय मांग की है। जिसमें कर्मचारियों को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान करने, नगरीय निकायों में ओल्ड पेंशन योजना लागू करने,  6वें एवं 7वें वेतनमान की एरियर्स राशि प्रदान करने, अनुकंपा नियुक्तियां शीघ्र करने, 10 वर्ष सेवा पश्चात अधिकारी-कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति देने और निकायों में ठेका पद्धति को समाप्त कर ठेक कर्मचारियों को निकाय में शामिल करने की मांग शामिल है।  

प्लेसमेंट कर्मचारियों की 3 सूत्रीय मांग
इसी तरह नगर निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की 3 सूत्रीय मांगों में नगरीय निकायों से ठेका प्रथा समाप्त कर निकाय में समायोजन करते शासन के अन्य विभाग की तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन भुगतान करने, सम्मानजनक वेतन का भुगतान करने एवं हड़ताल अवधि में किसी भी प्लेसमेंट कर्मचारी को कार्य से पृथक नहीं करने की मांग शामिल हैं।


अन्य पोस्ट