राजनांदगांव

छुरिया के कांग्रेसियों ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर। प्रदेश के किसानों को धान बेचने में हो रही परेशानी तथा सरकार के किसान विरोधी रवैये के विरोध एवं किसानों के हित में जिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया के तत्वावधान में एकत्रित होकर तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि 14 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू है, लेकिन धान खरीदी केंद्रों में फैली अव्यवस्था तथा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। 3 दिसंबर को कांग्रेस ने धान खरीदी केन्द्रों चलो अभियान चलाया। जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी धान खरीदी केन्द्रों पर गए, जहां उन्होंने किसानों की परेशानियो को देखा। धान खरीदी केन्द्रों में किसान बारदाने की कमी से किसानों को धान बेचने में परेशान होना पड़ रहा। सरकार ने कहा है कि 50 प्रतिशत नए 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाए। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं है। जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है। पुराने बारदाने फटे हुए हैं। जिसमें धान भरा ही नहीं जा सकता। किसानों से कहा जा रहा 50 प्रतिशत बारदानों की व्यवस्था स्वयं करो, उसका भुगतान किया जाएगा, लेकिन किसानों के बारदाने का पैसा भी नहीं मिल रहा।
टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक है। जिससे किसानों को परेशान होना पड़ रहा, नंबर ही नहीं आ रहा। टोकन कटने की तारीख से 7 से 10 दिन बाद धान बेचने किसानों को बुलाया जा रहा है। 15 दिन बाद तक का भी टोकन नहीं मिल रहा। इलेक्ट्रॉनिक कांटा में जो तौलाई हो रहा है, उसमें 1 किलोग्राम से 2 किलोग्राम अधिक तौला जा रहा है। सोसायटियों में धान का उठाव नहीं होने के कारण जगह की कमी है। धान के बोरे जाम है, जगह का अभाव हो गया है। अनावरी रिपोर्ट कम बनाई गई है तथा खरीदी भी 21 क्विंटल के हिसाब से नहीं हो रही है। किसानों से पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है। अनावरी रिपोर्ट गलत बनाया जा रहा। जिसके आधार पर मात्र 9 से 12-14 क्विंटल धान खरीदा जा रहा। किसानो से पूरा 21 क्विंटल धान नहीं खरीदा जा रहा है। सरकार ने यह घोषणा किया है कि 72 घंटे में किसानों के खाते में पैसा आएगा, लेकिन जो लोग धान बेच चुके हैं, उनके खाते के रकम हफ्तों तक नहीं आया है, जो रकम आ रहा है वह एकमुश्त 3100 नहीं है। सिर्फ 2300 रुपए प्रति क्विंटल ही आ रहा है। भाजपा ने 3100 रुपए एकमुश्त देने का वादा किया था।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जैन, संयुक्त महामंत्री विपिन यादव, जिला प्रवक्ता राहुल तिवारी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष सुनील लारोकर, मनोज सिन्हा पूर्व सदस्य पिछड़ा आयोग छत्तीसगढ़, प्रकाश शर्मा पूर्व विधायक प्रतिनिधि, भीखम देवांगन उपाध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अमित अग्रवाल सचिव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, राधे ठाकुर वरिष्ठ पार्षद, अकील मेमन वरिष्ठ कांग्रेस नेता, शकील कुरेशी पूर्व एल्डरमैन, जावेद मेमन वरिष्ठ नेता, पुष्पा सिन्हा सचिव महिला कांग्रेस, विनोद मंडलोई, दिनेश हिरवानी अध्यक्ष युवा कांग्रेस, सोनू खान महामंत्री ब्लॉक कांग्रेस, भारत साहू, जयलाल साहू सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।