राजनांदगांव

प्रदेश की उन्नति के लिए किए जा रहे विकास कार्य- डिप्टी सीएम शर्मा
11-Dec-2024 2:27 PM
प्रदेश की उन्नति के लिए किए जा रहे  विकास कार्य- डिप्टी सीएम शर्मा

21 विकास कार्यों का लोकार्पण- शिलान्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को डोंगरगांव के ग्राम बडग़ांव-चारभांठा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कुल 1 करोड़ 24 लाख 14 हजार रुपए के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 63 लाख 89 हजार रुपए के लोकार्पण एवं 60 लाख 25 हजार रुपए के शिलान्यास कार्य शामिल हैं। 

उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान शा. उ. मा. शाला के अहता निर्माण के लिए 5 लाख रुपए , बाजार में व्यावसायिक परिसर निर्माण के लिए 10 लाख रुपए , मिनी स्टेडियम के निर्माण, पंचग्राम तपोभूमि में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने ग्राम बडग़ांव चारभांठा में 3 लाख 15 हजार रुपए की लागत से ग्रे वाटर ट्रीटमेंट प्लान्ट तथा 30 हजार रुपए की लागत के बोरवेल रिचार्ज साफ्ट सैंट फिल्टर का शिलान्यास किया। 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गंदा पानी सरोवर मेें नहीं जाए तथा निस्तारी के लिए ग्रामवासियों को स्वच्छ जल मिले, इस सोच के साथ यहां ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के अंतर्गत कार्य किया जाएगा। उन्होंने सरोवर के किनारे निर्मित सियान सदन की प्रशंसा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्थानों में भू-जल स्तर में गिरावट आयी है, वहां बोरवेल रिचार्ज साफ्ट के माध्यम से भू-जल स्तर को बढ़ाने कार्य किया जाएगा। 

पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत दिनेश गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के 13 दिसम्बर को पूरर्ण वर्ष पूरा होने वाला है। उन्होंने कहा कि ग्राम बडग़ांव चारभाठा में विकास के सभी कार्य हो रहे हैं। उप मुख्यमंत्री डोंगरगांव एवं खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भी कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमृत सरोवर के पास सियान सदन का अवलोकन किया है, जहां बुजुर्गों के बैठने की व्यवस्था की गई। वहीं भू-जल से संबंधित बोरवेल रिचार्ज साफ्ट का भी अवलोकन किया है। बडग़ांव चारभाठा में उप मुख्यमंत्री के हाथों से कुल 1 करोड़ 24 लाख 14 हजार रुपए के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है।

इस अवसर पर लखपति दीदी को प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र तथा आवास की चाबी तथा स्वच्छता दीदी को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और उत्कृष्ट स्वच्छ शौचालयों के लिए हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सदस्य जिला पंचायत इन्दुमती साहू, सरपंच वासुदेव भण्डारी, रविन्द्र वैष्णव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर जागृति चुन्नी यदु, निरेन्द्र साहू, रामकुमार गुप्ता, अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। मंच संचालन गजेन्द्र हरिहारणों ने किया। 

सियान सदन का किया लोकार्पण 
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने डोंगरगांव के ग्राम बडग़ांव चारभाठा के अमृत सरोवर में सियान सदन का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गांव के तालाब में जाने वाले पानी को स्वच्छ कर निस्तारी उपयोग योग्य बनाने के लिए ग्रे-वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण हेतु 2 लाख 50 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति आदेश पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर उन्होंने अमृत सरोवर के किनारे एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने बोरवेल रिचार्ज शाफ्ट सैंड फिल्टर का अवलोकन किया और वाटर रिचार्ज के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने गांव के तालाब में निस्तारी उपयोग के लिए घरेलू उपयोग पानी को ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से निस्तारी योग्य बनाने के संबंध में जानकारी ली। 
 


अन्य पोस्ट