राजनांदगांव

राजनांदगांव, 7 दिसंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में शासन द्वारा धान खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। धान खरीदी उत्सव में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होने से किसानों में हर्ष व्याप्त है। जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले में धान खरीदी का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
सुरगी की कृषक प्रतिभा साहू धान उपार्जन केन्द्र सुरगी धान की ब्रिकी के लिए आई हुई थी। उन्होंने बताया कि टोकन तुहर दुआर एप द्वारा ऑनलाईन के माध्यम से टोकन मिलने पर बहुत सुविधा मिली और एक ही बार में पूरा धान की बिक्री हो जाने से समय की बचत हुई है। उन्होंने बताया कि धान उपार्जन केन्द्र सुरगी में बहुत अच्छी व्यवस्था है और धान की बिक्री करने में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है।
सुरगी के ही कृषक कन्हैया लाल निर्मलकर ने बताया कि वे 56 क्विंटल धान की बिक्री के लिए आए हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही हैै। जिससे किसानों की उन्नति होगी। उन्होंने कहा कि बचत राशि का उपयोग कृषि कार्य में करेंगे और कृषि भूमि सुधार का कार्य भी करेंगे। ग्राम कोटाभाठा के कृषक जितेन्द्र साहू 7 क्विंटल धान लेकर ब्रिकी के लिए धान उपार्जन केन्द्र सुरगी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्र में बहुत अच्छी सुविधा है। पहले टोकन लेने कतार में खड़े होना पड़ता था और बहुत समय लग जाता था, लेकिन ऑनलाईन टोकन की व्यवस्था होने से समय की बचत हुई है। अब किसान घर बैठे मोबाईल से ही टोकन कटा लेते हैं।
किसानों को धान उपार्जन केन्द्र में ही माईक्रो एटीएम के माध्यम से ही 10 हजार रुपए तक की राशि मिल रही है। जिससे एटीएम जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती है। जिसके लिए उन्होंने शासन का धन्यवाद दिया।