राजनांदगांव

निकायों के कर्मचारी 11 से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल
07-Dec-2024 2:52 PM
निकायों के कर्मचारी 11 से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

6 सूत्रीय मांगों को लेकर विस अध्यक्ष से संघ के पदाधिकारियों ने की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ के 184 नगरीय निकायों के कर्मचारियों ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले सभी निकाय कर्मचारी 11 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।

नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के पूर्व संघ के 6 सूत्रीय मांग में कर्मचारियों को ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, नगरीय निकायों में ओल्ड पेंशन योजना लागू करने, 6वें व 7वें वेतनमान की एरियर्स राशि प्रदान करने, अनुकंपा नियुक्ति शीघ्र ही करने, 10 वर्ष सेवा पश्चात अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति शीघ्र ही करने, निकायों में ठेका पद्धति को समाप्त कर ठेका कर्मचारियों को निकाय में शामिल करने के संबंध में चर्चा करने न्यू स्पीकर हाउस रायपुर में बुलाया गया।  

अध्यक्ष द्वारा 6 सूत्रीय मांग के संबंध में मंत्री अरूण साव एवं विकास विभाग के साथ चर्चा कर मांग को पूर्ण करने के संबंध में आश्वासन दिया गया। संघ के पदाधिकारियों द्वारा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पदाधिकारियों व अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को प्रताडि़त करने के संबंध में भी अवगत कराया गया।  अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ (नगरीय निकाय) के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, संदीप चंद्राकर प्रदेश कोषाध्यक्ष, पंकज मेश्राम प्रदेश उपाध्यक्ष, महितोष शर्मा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, विनोद यादव प्रदेश महामंत्री, राकेश ठाकुर संभाग उपाध्यक्ष दुर्ग संभाग, प्रीतम शर्मा राजनांदगांव जिला उपाध्यक्ष उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट