राजनांदगांव

प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केन्द्रों व कंट्रोल रूम का किया अवलोकन
07-Dec-2024 2:46 PM
प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केन्द्रों व कंट्रोल रूम का किया अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 दिसंबर।
जिले के प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने बीते दिनों जिले के प्रवास के दौरान धान खरीदी केन्द्र गठुला और ग्राम बोईरडीह में जल जीवन मिशन के तहत एकल ग्राम नल-जल योजना, आरोहण बीपीओ सेंटर, नशामुक्ति केन्द्र, प्रोजेक्ट त्रिनेत्र कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। प्रभारी सचिव चंपावत ने जिले में जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह उपस्थित थी।

प्रभारी सचिव चंपावत ने ग्राम गठुला धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां किसानों से चर्चा कर उनकों मिल रही सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान की गुणवत्ता तथा आद्र्रता मापी यन्त्र से धान की नमी और इलेक्ट्रानिक तौल मशीन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने कहा की धान बेचने में किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। धान विक्रय करने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने किसानों से ऑनलाईन टोकन, नाप तौल तथा कोचियों व बिचौलियों के संबंध में जानकारी ली। 

प्रभारी सचिव चंपावत ने ग्राम बोईरडीह में जल जीवन मिशन के तहत एकल ग्राम नल-जल योजना का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से नल कनेक्शन से पानी की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में 285 नग टेप नल कनेक्शन मिला है। यहां नई टंकी के माध्यम से जल प्रदाय हो रहा है। नल के माध्यम से घर पर ही सुबह-शाम पर्याप्त पानी मिल रहा है।

प्रभारी सचिव चंपावत ने टेक्नोटास्क बिजनेस कॉल के संचालकों से इस सेंटर के संचालन और गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। 
उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा रोजगारोन्मुखी केन्द्र है। संचालकों ने बताया कि सेंटर में लगभग 900 लोग कार्य कर रहे हैं। यह शिफ्टवार संचालित किया जाता है। प्रभारी सचिव ने जिले में संचालित नशामुक्ति एवं परामर्श केन्द्र राजनांदगांव का अवलोकन किया। प्रभारी सचिव ने नशामुक्ति केन्द्र में भर्ती मरीजों से बातचीत कर केन्द्र में दी जाने वाली सुविधाओं एवं लाभ के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दोस्ती अच्छे व्यक्ति से करें। उन्होंने मरीजों को यहां से जाने के बाद हूनर के अनुरूप अच्छा कार्य करने कहा। प्रभारी सचिव ने जिले में संचालित प्रोजेक्ट त्रिनेत्र अंतर्गत सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। 

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि शहर की सुरक्षा के दृष्टिगत शहर के नागरिकों द्वारा प्रोजेक्ट त्रिनेत्र अंतर्गत सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। जिसका कंट्रोल रूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बना है। यहां पूरे शहर के सीसीटीवी को कंट्रोल किया जाता है। 

हर को सीसीटीवी कैमरे से लैस करने जनसामान्य में उत्साह एवं जागरूकता है। इसके लिए शहर के प्रत्येक चौक-चौराहों, शहर में आने-जाने वाले रास्तों पर, शहर के मेन मार्केट एरिया, कॉलोनियों, गली-मोहल्लों सहित अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। शहर में चोरी, अपराध, दुर्घटना सहित अन्य अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखा जा रहा है। शहर में 385 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। 
इससे पूरे शहर की 24 घंटे मॉनिटरिंग होती है।


अन्य पोस्ट