राजनांदगांव

अपर कलेक्टर ने किया तहसील कार्यालय का निरीक्षण
22-Nov-2024 2:48 PM
अपर कलेक्टर ने किया तहसील कार्यालय का निरीक्षण

 लोक सेवा केंद्र में चल रहे कार्यों का किया मूल्यांकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 नवंबर। अपर कलेक्टर विजेंद्र सिंह पाटले ने बुधवार को तहसील कार्यालय खडग़ांव पहुंचकर तहसील स्तर पर चल रहे कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण, लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरण का निराकरण बेहद गंभीरता पूर्ण और पारदर्शिता के साथ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने तहसील कार्यालय के विभिन्न कक्ष में पहुंचकर संधारित रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्रकार के रिकॉर्ड को विधिवत संधारित करने निर्देशित किया। इस दौरान तहसील कार्यालय में आए हुए पक्षकारों से बात कर उनकी समस्या से रूबरू हुए। उपस्थित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि पक्षकारों को समय पर उनकी समस्या से निदान दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें।

इस दौरान उन्होंने यहां संचालित लोक सेवा केंद्र पहुंचकर लोक सेवा केंद्र के कार्यों का मूल्यांकन किया। उन्होंने लोक सेवा केंद्र संचालक को निर्देशित करते कहा कि लोकसभा केंद्र एक आवश्यक सेवा केंद्र है। लोक सेवा केंद्र में आने वाले सभी नागरिकों को उनके द्वारा मांगी गई सेवा को समय सीमा में प्रदाय करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित सेवा शुल्क ही हितग्राहियों से लिया जाए।


अन्य पोस्ट