राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 नवंबर। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने कांग्रेस नेता कुलबीर छाबड़ा द्वारा गांधी चौक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के पुतला दहन पर कड़ा प्रहार करते कहा कि लगता है कांग्रेस के लोग अब क्षुद्र राजनीति करने पर उतारू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ के लिए संविधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का पुतला दहन करना संविधान की मर्यादाओं के खिलाफ है और भाजपा इसका पुरजोर विरोध करते कड़ा जवाब देगी।
श्री पटेल ने कहा कि डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव के लिए विकास पुरुष के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने यहां का न केवल भूगोल बदला है, बल्कि राजनांदगांव को प्रत्येक क्षेत्र में ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, इसके विपरीत 5 वर्षों तक कांग्रेस ने राजनांदगांव का क्या हाल किया। यह यहां की जनता भली-भांति जानती है, ऐसे निर्लज्ज कांग्रेसियों को कुछ कहने के पूर्व अपने गिरेबा में झांक कर देखना चाहिए कि उन्होंने जनता के लिए क्या किया? तब किसी पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना चाहिए।