राजनांदगांव

उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभूतियों का सम्मान
17-Nov-2024 3:51 PM
उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभूतियों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार राज्य के जमुई में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत कर वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के जनजाति समाज को संबोधित किया। इस अवसर पर जिला मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी में जिला स्तरीय जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का स्थानीय दशहरा मैदान मोहला में आयोजित किया गया।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतागढ़ विधायक विक्रम सिंह उसेंडी ने कहा कि जनजाति समाज की संस्कृति बहुमूल्य एवं समृद्ध है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते परिवेश में इसे संवर्धन और संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने भारतीय समाज पर जनजाति समाज के योगदानए कृतित्व और अविस्मरणीय योगदान पर प्रकाश डालते कहा कि जनजाति समाज ने भारत को गौरवान्वित करने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर विभिन्न क्षेत्र में जनजाति समाज ने योगदान दिया है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर उनके कृतित्व पर प्रकाश डालते उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजाति समाज में देश की गुलामी के बंधन को तोडक़र आजादी का अलख जगाया।

इस अवसर पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला निर्माण के उपरांत जिले में विकास कार्यों को रेखांकित करते कहा कि जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जनजाति बाहुल्य जिला है। जिले में जनजाति समाज को आगे बढ़ाने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मानपुर में नवनिर्मित एकलव्य विद्यालय का भी लोकार्पण किया गया। मानपुर में एकलव्य विद्यालय की स्थापना होने से वनांचल क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मुहैय्या होगा। एकलव्य विद्यालय से जनजाति समाज के साथ ही क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य संवारने और पहचान स्थापित करने का सुनहरा मौका मिलेगा।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं, सेवाओं कार्यक्रम के अंतर्गत चेक और सामग्री वितरित किया गया। इस अवसर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने और जनजाति समाज का नाम रोशन करने वाले यशस्वी नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विकास प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से और कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंची। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

अवसर पर गीता घासी साहू, लगनू राम चन्द्रवंशी, दिनेश शाह मंडावी, कुमारीबाई जुरेशिया, राधिका अंधारे, यशपाल सिंह, दिनेश पटेल, विजेन्द्र सिंह पाटले, प्रेमलता चंदेल, हेमंत ठाकुर, हेमेन्द्र भुआर्य, अमित नाथ योगी, अविनाश ठाकुर, मदन साहू, नम्रता सिंह, रमेश हिड़ामे एवं अन्य सभी जनप्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट