राजनांदगांव

आदिवासी जननायकों का शौर्य, पराक्रम-गौरवगाथा अविस्मरणीय - कौशिक
17-Nov-2024 3:50 PM
आदिवासी जननायकों का शौर्य, पराक्रम-गौरवगाथा अविस्मरणीय - कौशिक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 नवंबर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा एवं विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक शुक्रवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर जनजातीय शौर्य, लोक कला, संस्कृति की वैभव विरासत, विकास एवं निर्माण में सशक्त भागीदारी के लिए जनजाति गौरव दिवस मनाया गया। इस दौरान बिल्हा विधायक कौशिक का गौर मुकुट पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। श्री कौशिक ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कार्यक्रम में शहीद परिवारों को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों, कृषकों, महिलाओं को सम्मानित किया गया।

श्री कौशिक ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि बिरसा मुंडा जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय पर आज हम जननायक बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहे हंै। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रवाह अगाध रूप से गतिमान है। अरण्य, ग्राम्य एवं संस्कृति को जीवन सूत्र में एक साथ पिरोने वाले आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद छत्तीसगढ़ की कमान आदिवासी मुख्यमंत्री के हाथों में है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि महानायक बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस हमें हमारे पुराने संस्कार, गौरव, गौरवशाली इतिहास, परंपराएं, जीवन दर्शन, मान्यता, सामाजिक ताने-बाने को जानने समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति से सामंजस्य स्थापित करते जीवनयापन करते हंै। यह दृष्टिकोण आज के समय में भी प्रासंगिक है। देश एवं प्रदेश को प्रगति एवं समृद्धि की राह में ले जाने के लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। शासन की योजना का उद्देश्य सभी का सर्वांगीण विकास है। मुख्य धारा से जनजाति समाज को जोडऩे कार्य करते शासन के प्रयासों को बेहतर आयाम देने की जरूरत है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गोंडवाना गोड़ महासभा नई दिल्ली सुशीला नेताम ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान ऐतिहासिक धरोहर है। कार्यक्रम को प्रांताध्यक्ष जनजातीय गौरव समाज एमडी ठाकुर और जिला अध्यक्ष जनजातीय गौरव समाज नीलकंठ गढ़े ने भी जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में अपना उद्बोधन दिया।

इस अवसर पर विकास प्रदर्शनी अंतर्गत जनजातीय समाज के नायकों की जानकारी दी गई। छात्रावास के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर सचिन बघेल, रमेश पटेल, खूबचंद पारख, नीलू शर्मा, संतोष अग्रवाल, सुशीला नेताम, आयुष जैन, सुरूचि सिंह, सीएल मारकण्डेय, इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, खेमलाल वर्मा, दीक्षा गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट