राजनांदगांव

कांटा-बाट मशीन में बारदाना रखकर की पूजा-अर्चना
15-Nov-2024 2:40 PM
कांटा-बाट मशीन में बारदाना रखकर की पूजा-अर्चना

समय पर किसानों के खाते में राशि भेजने निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 नवंबर।
जिले में धान खरीदी के उत्सव के अवसर पर धान उपार्जन केन्द्रों में रौनक, चहल-पहल एवं खुशी का माहौल रहा। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत गुरुवार से किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गुरुवार को धान उपार्जन केन्द्र गठुला, पदुमतरा एवं उपरवाह का निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं किसानों ने इलेक्ट्रानिक कांटा-बाट मशीन में धान का बारदाना रखकर पूजा-अर्चना की। कलेक्टर ने किसानों को फूलों की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। 

कलेक्टर अग्रवाल धान खरीदी केन्द्र में धान की बिक्री के लिए पहुंचे किसानों से रूबरू हुए। उन्होंने किसानों को धान खरीदी उत्सव के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि किसानों के वास्तविक उपज की खरीदी की जाएगी। शासन की मंशा के अनुसार धान उपार्जन केन्द्रों में सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि अपनी ऋण पुस्तिका किसी भी अन्य कोचिये या बिचौलिये को नहीं दें। सही तरीके से धान खरीदी होने पर शासन की राशि की बचत होगी और अन्य विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा गांव का समुचित विकास होगा। 

उन्होंने रबी के सीजन में किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसानों से जिले में भू-जल स्तर में आ रही गिरावट को ध्यान में रखते जल संरक्षण करने तथा फसल विविधीकरण करने प्रेरित तथा जागरूक किया। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी के साथ ही उनका कुशलक्षेम जाना। 

कलेक्टर अग्रवाल ने धान उपार्जन केन्द्र में धान की तौलाई, पेयजल, हमाल तथा अन्य व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने समिति के प्रबंधकों को शीघ्र स्टैकिंग करने तथा धान का उठाव जल्द करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर किसानों के खाते में राशि चले जाना चाहिए। उन्होंने किसानों को बताया कि अभिलेख त्रुटि होने पर सुधार कराएं। किसानों ने धान उपार्जन केन्द्रों में अच्छी व्यवस्था होने पर संतुष्टि जाहिर की। 

ग्राम पदुमतरा के किसान नारद साहू ने बताया कि वे लगभग 40 क्विंटल धान की बिक्री करेंगे। शासन की धान की खरीदी की योजना से किसानों को बहुत फायदा हुआ है और हर किसान बहुत खुश है। 

उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया। पदुमतरा में मानकीबाई 32 क्विंटल धान बिक्री के लिए पहुंची थी। उन्होंने खुशी जाहिर की। सभी धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए शासन के दिशा-निर्देश चस्पा किए गए हैं। इस दौरान एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे। 

उल्लेखनीय है कि किसान टोकन तुंहर हाथ ऑनलाईन एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार अच्छी गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी की जा रही है। धान उपार्जन के दौरान समस्याओं के निराकरण के लिए कॉल सेंटर का नंबर 18002333663 चस्पा किया गया है।
 


अन्य पोस्ट