राजनांदगांव

गुरुनानक जयंती पर 15 को दिनभर गूंजेंगे शबद कीर्तन
13-Nov-2024 3:59 PM
गुरुनानक जयंती पर 15 को दिनभर गूंजेंगे शबद कीर्तन

आज दोपहर बाद निकली श्री गुरूग्रंथ साहिब की शोभायात्रा

छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर।
सिक्ख समाज के प्रथम गुरु व शांतिदूतक श्री गुरूनानक देवजी की जयंती पर शुक्रवार को पूरे दिन शबद कीर्तन की गूंज के साथ विविध धार्मिक आयोजन होंगे। स्थानीय नवीन गुरूद्वारा में करीब एक माह से प्रकाश पर्व के रूप में जयंती को मनाने के लिए परंपरागत आयोजन हो रहे हैं। सिक्ख समाज की ओर से शुक्रवार को गुरूनानक देवजी की 555वां जयंती के लिए विशेष तैयारी की गई है। राजनादगांव गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा भी समूह सिख संगत भाई-बहनों के सहयोग प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विगत कई दिनों से परंपरागत आयोजन लगातार जारी है। गत 2 माह से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ तथा 11 दिनों से रोजाना सुबह 5 बजे से प्रभातफेरियो की श्रृंखला अनवरत जारी है।

इधर बुधवार दोपहर बाद श्री गुरुग्रथ साहिब की भव्य शोभायात्रा तथा विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया है। पंज प्यारों की अगुवाई में अरदास उपरांत शोभायात्रा गुरूघर से आरंभ हुई। भाई-बहनों के कीर्तनी जत्थे कीर्तन तथा गुरबाणी गायन द्वारा आयोजन को सार्थकता प्रदान किया गया। शोभायात्रा के लिए इस प्रकाश पर्व पर विशाल वाहन को सफेद रंग के आकर्षक गुरूद्वारे के रूप में तथा अति आकर्षक लाइटों एवं विद्युत झालरों द्वारा सुसज्जित किया गया। पुष्प वर्षा करती तोप गाडी, 5 घोड़ों पर सुसज्जित छोटे बच्चे तथा शबद कीर्तन करते कीर्तनी जत्थे नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाए। 

नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, गंज लाइन, पुराना बस स्टैंड, जीई रोड़, भगत सिंह चौक से गुरुनानक चौक होते रात 7 बजे वापस गुरुद्वारा पहुंचेगा, जहां एक घंटे के हजूरी रागी जत्थे भाई दलजीत सिंह का शबद कीर्तन आयोजित है। तत्पश्चात अरदास, सुखासन तथा गुरु का लंगर वितरित होगा। प्रकाश पर्व हेतु गुरूद्वारा साहिब को विद्युत झालरों से सुसज्जित तथा पूरे रास्ते को विशेष रूप से गेट आदि से सजाया गया है। आगमन पर्व हेतु दरबार साहिब अमृतसर के रागी जत्थे भाई भूपिंदर सिंह को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो 14 तथा 15 नवंबर को सुबह तथा रात के दीवान में भक्तिमय शबद कीर्तन द्वारा संगत को भाव विभोर करेंगे। इसके साथ ही हजूरी रागी जत्था भाई दलजीत सिंह भी लगातार 13 से 15 नवंबर तक दोनों दीवान में शबद कीर्तन द्वारा संगत को भक्ति भावना से जोडक़र प्रेरित करेंगे। बुधवार दोपहर बाद पंज प्यारो की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का सभी वर्ग के लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। समाज की महिलाओं ने सफाई करते हुए पंज प्यारों पर फूलों की बारिश की। शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरूष एवं युवा वर्ग के सामाजिक लोग मौजूद थे।
 इधर कल मुख्य आयोजन के लिए समाज में उत्साह का माहौल है।


अन्य पोस्ट