राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ अद्भुत संभावनाओं से भरा प्रदेश-रमन
06-Nov-2024 4:11 PM
छत्तीसगढ़ अद्भुत संभावनाओं से भरा प्रदेश-रमन

24 वर्षों की यात्रा में प्रदेश में आया अद्भुत परिवर्तन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 नवंबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर पद्मश्री गोविन्दराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ राजनांदगांव में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण 1 नवम्बर 2000 में हुआ था, तब से लेकर 2024 तक छत्तीसगढ़ राज्य की यात्रा और विकसित राज्य बनाने की पहल ने सभी के समक्ष गवाही दी है। उन्होंने कहा कि 24 वर्षों का यह उत्सव और राज्य निर्माण का यह श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न  अटल बिहारी वाजपेयी को है।

विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अद्भुत संभावनाओं से भरा प्रदेश है। यहां 44 प्रतिशत भू-भाग वना आच्छादित है। यहां के वनों में साल, सागौन, आंवला, हर्रा, बहेरा प्रचुर मात्रा में पाए जाते हंै। छत्तीसगढ़ में वनवासियों के जीवन में परिवर्तन आया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोड कनेक्टिीविटी, विद्युत, जैसी सुविधाएं अबूझमाड़ के क्षेत्रों तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में देश के कोयला भंडार का 18 प्रतिशत है। वहीं लोहा एवं अन्य खनिज पदार्थ प्रचुर मात्रा में पाए जाते हंै। ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश सशक्त बना है। प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में देश के महान विभूतियों ने अपना योगदान दिया है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी कहते हंै कि वर्ष 2047 में हमारा देश 100 वर्ष की शताब्दी को पूर्ण करेगा, तब यह विकसित राज्य की श्रेणी मेें पहले या दूसरे पायदान पर होगा। इसी तरह हमारा छत्तीसगढ़ 2047 में देश के पहले या दूसरे पायदान पर होगा। हम छत्तीसगढ़ को मजबूत करेंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू ने कहा कि आज राज्य स्थापना का 24वां वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी को राज्य स्थापना की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य बना है इसका पूरा श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि राज्य स्थापना के 24 वर्ष पूर्ण हो गए हैं और हमारा प्रदेश सभी दिशाओं में चहुंमुखी विकास कर रहा है।

पद्मश्री गोविन्दराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित राज्योत्सव के अवसर पर कृषि विभाग द्वारा कृषक पाठशाला एवं जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्गेनिक फूड प्लाजा जैविक उत्पाद प्रदर्शनी सह विक्रय केन्द्र का स्टॉल विशेष रहा। कृषक पाठशाला में उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डेय ने किसानों से बात की और उन्हें रबी फसल तथा धान के बदले कम पानी की आवश्यकता वाली फसल लेने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। युवाओं, किसानों, महिलाओं एवं सभी वर्ग के लोगों ने शासन की सभी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। फोटो प्रदर्शनी में जिले के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की झांकी प्रस्तुत की गई।

जनसामान्य को जनमन, उदित छत्तीसगढ़ बुकलेट, खुशियों का नोटिफिकेशन, सुशासन के नवीन आयाम जैसी किताबों का वितरण किया गया। नागरिकों ने स्टाल में मिल रही योजनाओं की जानकारी की तारीफ की।


अन्य पोस्ट