राजनांदगांव

10 लाख का गांजा के साथ आधा दर्जन तस्कर पकड़ाए
25-Oct-2024 3:42 PM
10 लाख का गांजा के साथ आधा दर्जन तस्कर पकड़ाए

ओडिशा से जबलपुर ले जाते रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अक्टूबर।
जिले के घुमका इलाके में पुलिस ने गांजा की बड़ी खेप बरामद की है। लाखों रुपए के अवैध गांजा की तस्करी करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। राजनांदगांव पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिये अंतरराज्यीय गांजा तस्करी चेन को ध्वस्त किया है। पुलिस ने ओडिशा के एक गांजा सरगना, छत्तीसगढ़ के तस्करों और मध्यप्रदेश के माफियाओं को गिरफ्तार किया है।  नांदगांव पुलिस ने गांजा की खेप ओडिशा से जबलपुर ले जाने के दौरान जब्त की है। अलग-अलग 64 पैकेट में 65 किलो गांजा मिला है। जिसकी कीमत   तकरीबन 10 लाख रुपए है। 

शुक्रवार को एएसपी राहुल देव शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि घुमका पुलिस को एक बड़ी गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। जिसमें एक वाहन को रोककर चालक धनराज पटेल और ओडिशा के बेदाबेरो पात्रो से पूछताछ की। जिसमें यह जानकारी सामने आई कि मादक पदार्थ गांजा को लेकर आरोपी जबलपुर ले जा रहे थे। आरोपियों ने वाहन के एक ट्रॉली के नीचे गोपनीय चेम्बर बनाकर गांजा छुपाकर रखा था। इसके बाद पुलिस ने 64 पैकेट में कुल 65.565 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 9 लाख 83 हजार रुपए आंकी गई है। 

एएसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय गांजा तस्कर हैं। इनकी निशानदेही पर कुछ और खुलासे होंगे। पुलिस ने भिलाई के रहने वाले दो युवक अनिल सोनी और गोविंद क्षत्रिय तथा जबलपुर के आकाश यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। एक फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने (20-बी) (।।)(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला कायम कर लिया है। आरोपियों से तस्करी को लेकर पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। 


अन्य पोस्ट