राजनांदगांव

जन्मदिन पर रमन को सीएम से लेकर आम तबके ने दी बधाई
16-Oct-2024 3:13 PM
जन्मदिन पर रमन को सीएम से लेकर आम तबके ने दी बधाई

युवा वेलफेयर के कवि सम्मेलन में दर्शकों ने लगाए ठहाके

बधाई से गदगद रमन ने कहा राजनांदगांव में हुआ उनका राजनीतिक पुनर्जन्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अक्टूबर।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन इस बार काफी सादगी भरा रहा। रमन सिंह ने पूरा दिन राजनांदगांव शहर में रहकर अपने जन्मदिन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने प्रत्यक्ष रूप से डॉ. सिंह से मुलाकात कर उनके यशस्वी जीवन की कामना की।

युवा वेलफेयर के अध्यक्ष भावेश बैद की अगुवाई में हुए विराट कवि सम्मेलन में डॉ. सिंह, मुख्यमंत्री साय से लेकर भाजपा के दिग्गज नेताओं और मंत्रियों ने कवि सम्मेलन का लुत्फ उठाया। आधी रात तक कवियों की वाणी से निकले शब्दों से आम और खास ने ठहाके लगाए। 

इससे पहले डॉ. सिंह ने सोमनी ठाकुरटोला में स्थित सीआरसी सेंटर में केक काटकर जन्मदिन मनाने की शुरूआत की। स्थानीय भाजपा कार्यालय में भी डॉ. सिंह का जन्मदिन मनाया गया। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों में भी उनके जन्मदिन पर आयोजन हुए। शहर के मुख्य आजाद चौक में चौपाल ग्रुप द्वारा भी केक काटा गया। 

पूर्व सांसद अशोक शर्मा, भाजपा नेता पवन मेश्राम समेत अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डॉ. सिंह ने सभी जगह हुए स्वागत से अभिभूत होकर राजनांदगांव की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते कहा कि उनका राजनीतिक पुनर्जन्म यहां की जनता की वजह से हुआ। दिनभर विविध आयोजन के बाद शाम को स्थानीय म्युनिसिपल हाईस्कूल में आयोजित विराट कवि सम्मेलन में स्पीकर डॉ. सिंह, मुख्यमंत्री साय और अन्य मंत्रियों के साथ शामिल हुए। आधी रात तक कवियों के शब्दकोष से निकले तीर से ठहाके गंूजते रहे।

डॉ. सिंह विकास पुरूष - साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. सिंह छत्तीसगढ़ के विकास पुरूष हैं। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ के विकास पुरूष हैं। उन्होंने 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की सेवा की है।  

इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, किसान कल्याण विभाग मंत्री रामविचार नेताम, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्री टंकराम वर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री दयालदास बघेल, लखन देवांगन, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भरतपुर-सोनहत रेणुका सिंह, आरंग विधायक गुरू खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रेमप्रकाश पांडेय, महेश गागड़ा, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी  दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट