राजनांदगांव

परवेज ने कहा मानव सेवा ही ईश्वर सेवा, सिंह के दीर्घायु होने की कामना की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री, राजनांदगांव विधायक व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन संस्कारधानी में धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर शहर के वृद्धाश्रम में ठंड के मौसम को देखते कम्बल का वितरण किया गया। साथ ही गर्म पानी की उपलब्धता के लिए दो गीजर भेंट किए गए व वृद्धजनों को भोजन करवाकर डॉ. रमन सिंह के दीर्घायु होने की कामना की गई।
भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष परवेज अहमद ने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने हमेशा लोगों की मदद करने की प्रेरणा हम सबको दी है और आज उनके जन्मदिन पर वृद्धजनों के बीच उनका जन्मदिन मनाकर आत्मिक शान्ति का अनुभव हो रहा है। इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान मधुसूदन यादव ने कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है और इस तरह के पुण्य कर्म हम सभी को करने चाहिए। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि वृद्धाश्रम में अपनों से दुखी लोग रहते हैं और हम सबको इनके बीच आकर इनका अकेलापन हमेशा दूर करना चाहिए।
परवेज अहमद ने डॉ. रमन सिंह की दीर्घायु की कामना करते कहा कि डॉ. सिंह ने पंद्रह वर्षों तक हर तबके के लोगों की मदद की है और प्रदेश में विकास की गंगा बहाई है। निश्चित तौर पर हम सबको आगे भी डॉ. सिंह का प्रेम स्नेह मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने मुक्तकंठ से डॉ. सिंह को आशीर्वाद दिया है। परवेज ने कहा कि बुजुर्गों ने कुछ बातें उन्हें बताई है, जिस पर वो जल्द ही डॉ. रमन सिंह से चर्चा कर उनकी मांगों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।