राजनांदगांव

संस्कारधानी में साम्प्रदायिक सद्भाव का उत्कृष्ठ उदाहरण
13-Oct-2024 3:16 PM
संस्कारधानी में साम्प्रदायिक सद्भाव का उत्कृष्ठ उदाहरण

मां के भक्तों की सेवा में जुटा मुस्लिम समाज

एबीस ग्रुप के टेकाहरदी पंडाल से आपसी भाईचारे का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 अक्टूबर। शारदीय क्वांर नवरात्र में मां बम्लेश्वरी के पदयात्रियों की मुस्लिम समुदाय भी सेवा कर रहे हैं। टेकाहरदी स्थित एबीस  ग्रुप के पंडाल में आपसी भाईचारे का संदेश लिए मुस्लिम धर्मावलंबी पदयात्रियों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ा।  एक ओर हिन्दू समुदाय शारदीय नवरात्र पर्व के भक्ति में लीन थे, तो पांच वक्त की नमाज अदा करते मुस्लिम पदयात्रियों की सेवा सत्कार में डटे रहे।

नवरात्र पर्व पर मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों की सेवा-जतन में मध्य भारत का अग्रणी कृषि आधारित उद्योग ‘‘एबीस ग्रुप’’ ने भी हाथ बंटाया। टेकाहरदी में ग्रुप द्वारा बनाए गए पंडाल में भक्तों का खूब ख्याल रखा गया।  श्रद्धालुओं की सेवा सत्कार में आईबी ग्रुप के जिम्मेदार सदस्यों की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए थे। बताया जाता है कि मां के दरबार में माथा टेकने के लिए पैदल निकले श्रद्धालुओं को ग्रुप के जरिये स्वादिष्ट व्यंजन पोहा, चाय नाश्ता परोसे गए।  सुबह से लेकर देर रात तक नाश्ता और भोजन का पुख्ता इंतजाम किया गया था। वहीं व्रतधारी श्रद्धालु जो जा रहे थे, उनके लिए उपवास के खानपान से भक्तों की थकान दूर की जा रही थी। एबीस ग्रुप की ओर से नवरात्र पर्व पर विशेष ख्याल रखने के लिए पंडाल में अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थी। दूरदराज से पहुंचे भक्तों की आवभगत में ग्रुप ने बढ़-चढक़र भाग लिया।

ग्रुप की ओर से बताया गया कि हर साल दोनों नवरात्रि के मौके पर सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते भक्तों की सेवा जतन में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती। लिहाजा हर साल विशेष पंडाल लगाकर मां के भक्तों के लिए बेहतर इंतजाम करने का प्रयास किया जाता है। बहरहाल एबीस ग्रुप जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति बेहतर कर्तव्य का निर्वहन कर रहा है। पंडाल की व्यवस्था देखकर दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहता है। इस पवित्र सेवा में शेख ग्यासुद्दीन भाई, शेख नवाबुद्दीन, सिराज मोहम्मद अशरफी,  शकील सिद्दीकी आदि मुस्लिम भाईयों का सहयोग रहा।

 पदयात्रियों के लिए किया जाता है बेहतर इंतजाम - अंजुम

आईबी ग्रुप के कार्यपालक निदेशक अंजुम अल्वी ने बताया कि विगत 42 वर्षों से पूर्व से ही रायपुर नाका स्थित वर्कशॉप में पदयात्रियों के लिए एबीस ग्रुप के चेयरमैन सुल्तान अली, प्रबंध निदेशक बहादुर अली द्वारा मटकों में शीतल जल व शरबत, फलों का इंतजाम किया जाता रहा है और अब लगातार विगत 22 वर्षों से दोनों नवरात्रि पर्व पर ग्राम टेकाहरदी में भव्य पंडाल लगाकर पद्यात्रियों के आराम करने हेतु गद्दे, पंखा, कूलर, भोजन, नाश्ता संगीत आदि का सुव्यवस्थित इंतजाम किया जाता है,जो हिन्दू-मुस्लिम एकता की एक शानदार मिसाल है।


अन्य पोस्ट