राजनांदगांव

राजनांदगांव, 11 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश संगठन के निर्देश पर खैरागढ़ के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कोमल जंघेल आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जालना जिले के भोकरदान विधानसभा क्षेत्र में 4 दिनों के दौरे पर महाराष्ट्र प्रवास पर गए हैं।
उन्होंने 13 जिला परिषद सर्कलों में से 8 सर्कल की बैठक लिया। जिसमें जिला परिषद के सदस्य, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कुछ महत्वपूर्ण बूथों में भी जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बूथ जीतने बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रभारी, बूथ के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। कोमल जंघेल ने कहा कि अब महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है। हरियाणा चुनाव में जीत के बाद अब महाराष्ट्र में जीत की बारी है, कार्यकत्र्ता बहुत उत्साहित हैं, कार्यकर्ता चुनाव के लिए कमर कस चुके हैं।
महाराष्ट्र भोकरदन विधानसभा क्षेत्र में बैठक के दरम्यान छत्तीसगढ़ के छुईखदान मंडल के सबसे वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश्वर जंघेल की मृत्यु होने की खबर मिली तो बैठक रोककर कार्यकर्ताओं के बीच मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी कार्यकर्ताओं ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कोमल जंघेल ने दुख व्यक्त करते उक्त बैठक को स्थगित कर दिया।