राजनांदगांव

डोंगरगढ़ के लिए नया रूट, पदयात्रियों में उत्साह
04-Oct-2024 2:08 PM
डोंगरगढ़ के लिए नया रूट, पदयात्रियों में उत्साह

मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों का रेला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर।
मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पदयात्रियों के कदम निर्धारित रूट पर बढऩे लगे हैं। अंजोरा से डोंगरगढ़ जाने के लिए प्रशासन ने एक रूट तय कर दिया है, जिसमें पदयात्रियों की सुविधा और उनकी सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। 

अंजोरा बायपास से नेशनल हाईवे को स्थानीय गौरीनगर मोड़ तक वन-वे कर दिया गया है। पदयात्रियों को दुर्घटना से बचाने के लिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने अंजोरा से राजनंादगांव शहर के प्रवेश तक ब्रेकर बना दिए गए हैं। तेज रफ्तार के वाहनें ऐसी स्थिति में एक निश्चित गति में दौड़ रही है। 

प्रशासन ने पदयात्रियों के खानपान और उनके आराम का भी ख्याल रखा है। उनके लिए बनाए गए पंडाल में आराम करने के लिए बिस्तर और पंखे की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन के अलावा निजी सामाजिक संगठनों का भी पंडाल पदयात्रियों के निर्धारित रूट पर तैयार किया गया है। इस बीच जिले में पदयात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। 

नवरात्र के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को पदयात्री अलग-अलग जत्थों में दिखाई पड़ रहे हैं। मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों को शहर से गुजरते देखकर लोगों का उत्साह भी बढ़ रहा है। पदयात्री मां बम्लेश्वरी की जयघोष करते पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 

पिछले कुछ साल में डोंगरगढ़ जाने पदयात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। ऐसे में जगह-जगह स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों द्वारा पंडाल लगाकर पदयात्रियों को सुविधा मुहैया कराया जा रहा है।

‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते भिलाई के रहने वाले कबीर भारती, साहिल कुर्रे और जीतू विश्वकर्मा ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन शाम को पदयात्रा प्रारंभ की। रास्ते में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। 

इसी तरह दुर्ग जिले के उतई के रहने वाले विजय बघेल और सरस्वती बघेल भी काफी उत्साहित होकर पदयात्रा करते डोंगरगढ़ के लिए बढ़े। उनका कहना है कि मनोकामना लेकर सभी मां के दर पर माथा टेकने घर से निकले।  

नवरात्र पर्व पर पदयात्रियों की संख्या अगले एक-दो दिन में बढऩे की संभावना है। वजह यह है कि शनिवार और रविवार को आमतौर पर लोग पदयात्रा करने की योजना बनाकर निकलते हैं। ऐसे में डोंगरगढ़ में दर्शनार्थियों की संख्या बढऩे की उम्मीद के अनुरूप सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। राजनांदगांव शहर में पदयात्रियों को देखकर लोग जयकारा भी कर रहे हैं। पंचमी-षष्ठमी तक पदयात्री बड़ी संख्या में सडक़ों पर नजर आएंगे।
 


अन्य पोस्ट