राजनांदगांव

बालिका के बोनमैरो ट्रांसप्लांट के लिए सीएम ने स्वीकृत किए 18 लाख
03-Oct-2024 3:08 PM
बालिका के बोनमैरो ट्रांसप्लांट के लिए सीएम ने स्वीकृत किए 18 लाख

राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत राज्य शासन द्वारा थैलेसेमिया मेजर (रक्त विकार) की गंभीर बीमारी से जूझ रही राजनांदगांव शहर की 6 वर्षीय मासूम बच्ची सिमरन को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अनुशंसा पर बोनमैरो ट्रंान्सप्लांट किए जाने हेतु 18 लाख रुपए की राशि 24 सितंबर को स्वीकृत की गई है। उक्त राशि संबंधित अस्पताल न्यू ऐरा चाईल्ड केयर हॉस्पिटल नागपुर के खाते में भुगतान करके पीडि़त निर्धन बालिका के इलाज एवं बोनमैरो ट्रांसप्लांट आपरेशन की व्यवस्था की गई। 

सिमरन के पिता प्रीत सिंह वार्ड नं. 19 ममता नगर गुलमोहर कालोनी राजनांदगांव के निवासी हैं, जो साधारण परिस्थिति के कारण अपनी पुत्री के इलाज का भारी भरकम व्यय सहन करने में असक्षम है। इलाज स्वीकृति आदेश की एक प्रति पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने अपने हाथों से 6 वर्षीय बालिका सिमरन के समक्ष उनके पिता प्रीतम सिंह, बड़े पापा पवन सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सुपर्ण सिंह बघेल, भाजपा नेता राजेन्द्र जैन की उपस्थिति में प्रदान की।

इस अवसर पर पूर्व सांसद ने सिमरन को गुलदस्ता भेंट करते उससे हाथ मिलाया और बालिका को स्वस्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद जीवन के लिए शुभकामना दी। परिजनों द्वारा इलाज हेतु राज्य शासन से इतनी बड़ी आर्थिक मदद स्वीकृत होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते  इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह,  सांसद संतोष पांडे एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को धन्यवाद देते उनके प्रति कृतज्ञता एवं आभार प्रकट किया गया है।

पूर्व सांसद ने बताया कि राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र अंतर्गत विगत 03 माह में 5 विभिन्न प्रकरणों में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से कुल राशि 29,47,770 रुपए गंभीर रूप से पीडि़त निर्धन मरीजों को संबंधित अस्पताल के लिए जारी कर लाभान्वित किया गया है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डे  के संयुक्त प्रयासों का नतीजा है। 
 


अन्य पोस्ट