राजनांदगांव

सीएम व केंद्रीय मंत्री ने करोड़ों के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल शनिवार को ग्राम बरगा में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे उपस्थित थे। इस अवसर पर 32 करोड़ 7 लाख 60 हजार रुपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता के लिए प्रोत्साहित करने हेतु 15 अगस्त 2014 को लाल किले की प्राचीर से सभी को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 9 लाख 37 हजार आवास की स्वीकृति मिली। इस कार्यक्रम में 32 करोड़ 7 लाख 60 हजार रुपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया है।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि जल जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप देश में कैच द रैन अभियान चलाया जा रहा है। जिससे बारिश के पानी का जमीन में जल संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने ग्राम बरगा में जल संरक्षण के लिए तथा जल आपूर्ति के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी एक घंटा अपने आसपास साफ-सफाई करें।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जल ही जीवन है, इस बात को ग्रामीणों से ज्यादा अच्छे से कोई नहीं जानता है। पीने के पानी की चिंता, खेत के पानी के लिए चिंता होती है। इसके लिए जिले में जल संरक्षण के लिए एक अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा है इस संदेश को ग्रहण करते जिले में स्वच्छता के लिए व्यापक तौर पर कार्य किए गए हंै। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने यहां जल संरचना के निर्माण के लिए तत्काल स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा व सांसद संतोष पांडे ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन पर वीडियो का प्रस्तुतीकरण दिया गया। सूची एप एवं जल प्रबंधन एप लॉन्च किया गया। एफएक्यू बुकलेट एवं एक कदम जल प्रबंधन की ओर बुकलेट का विमोचन किया गया। जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा स्वच्छता ही सेवा पर वीडियो प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री साय एवं केन्द्रीय मंत्री पाटिल द्वारा फिक्ल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बघेरा का वीडियो के माध्यम से इनॉगरेशन व लोकार्पण किया गया। जिले के विभिन्न विकास कार्यों का वीडियो के माध्यम से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। युवोदय वीडियो लॉन्च एवं कटआउट प्रदर्शन, युवोदय ओडीएफ प्लस पोस्टर लॉन्चिंग, युवोदय बच्चों द्वारा स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता में बेहतर प्रयास वाले राजनांदगांव, डोंगरगांव एवं छुरिया विकासखंड का सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया।
अतिथियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, खूबचंद पारख, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भरत वर्मा, रमेश पटेल, सरपंच कुमार सोनवानी, संयुक्त सचिव केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय अशोक मीणा, संभागायुक्त दुर्ग सत्यनारायण राठौर, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने आभार प्रदर्शन किया।