राजनांदगांव

अब मोर बूथ-मोर अभियान की शुरूआत
23-Sep-2024 3:28 PM
अब मोर बूथ-मोर अभियान की शुरूआत

अभियान को गति देने बैठक आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 सितंबर।
जिला भाजपा का सदस्यता अभियान इन दिनों निरंतर जारी है। पार्टी के जिला से लेकर मंडल, शक्ति केन्द्र व बूथ स्तर के कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के मिले लक्ष्य को लेकर जमीनी स्तर पर पूरी ताकत के साथ उतर चुके है। इस अभियान में पार्टी की मेंबरशिप के लिए डिजिटल माध्यम से ऑनलाईन सदस्यता ली जा रही है। वहीं सदस्यता रिकॉर्ड को चुस्त-दुरूस्त रखने मैनुअल फार्म भी भरवाने का कार्य चल रहा है। इस अभियान को और गति प्रदान करने 22 सितम्बर को जिला भाजपा कार्यालय में जिले की एक वृहद बैठक हुई। जिसमें अब तक हुई सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई तथा आगे का लक्ष्य निर्धारित किया गया। 

बैठक में प्रदेश भाजपा संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने अब इस अभियान को और गति प्रदान करने मोर बूथ-मोर अभियान के शुरूआत की घोषणा करते कहा कि जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता पूरे प्रदेश में प्रचारित है। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव में यहां के कार्यकर्ताओं के जीवटता के कारण ही कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पराजय का स्वाद चखना पड़ा।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार बैठक के प्रारंभ में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने अब तक के अभियान का खाका खींचते कहा कि अभी भी कार्यकर्ताओं को घर से बाहर निकलकर इस अभियान को और गति प्रदान करना पड़ेगा, तभी हम लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने अभियान को और गति देने जिले के सदस्यता अभियान प्रभारी व सह-प्रभारियों को अब विधानसभा स्तर की जिम्मेदारी सौंपते कहा कि प्रभारीगण अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में दृष्टि जमाएं व अभियान को सफल बनाएं। इसके तहत सावन वर्मा राजनांदगांव विधानसभा, आभा तिवारी डोंगरगांव विस, आलोक श्रोती खुज्जी विस तथा रविन्द्र वैष्णव को डोंगरगढ़ विधानसभा की जिम्मेदारी देकर अभियान में मिले लक्ष्य को पूरा करने की जवाबदेही दी गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को लेकर आ रही दिक्कतों की जानकारी ली गई तथा संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने उन समस्याओं का निराकरण भी बताया।

बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख ने भी संबोधित किया। संचालन रविन्द्र वैष्णव व आभार प्रदर्शन सावन वर्मा ने किया। 
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष अग्रवाल, नीलू शर्मा, राजेन्द्र गोलछा, विनोद खांडेकर, आलोक श्रोती, सुरेन्द सिंह बन्नोआना, चन्द्रिका डड़सेना, आलोक बिंदल, विकास तिवारी, हिरेन्द्र साहू, अजय पटेल, अतुल रायजादा, रामकुमार गुप्ता, बोधन साहू, जागेश्वर साहू, बोधीराम साहू, जैनकुमार मेश्राम, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, अमित जैन सहित मंडलों के महामंत्री, मंडल व शक्ति केन्द्रों के सदस्यता अभियान प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट