राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 सितंबर। पूर्व संासद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव प्रदेश भाजपा संगठन की तरफ से सौंपे गए एक महत्वपूर्ण दायित्व के कारण 19 सितंबर को दिनभर रायपुर प्रवास पर रहे और देर शाम तक प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्री लखनलाल देवांगन के साथ कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश आलाकमान द्वारा पूर्व सांसद मधु को 19 सितंबर को बीजेपी प्रदेश कार्यालय रायपुर स्थित सहयोग केन्द्र में कार्यकर्ताओं को सुनने एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के साथ उपस्थित रहने निर्देशित किया गया था। बीजेपी छत्तीसगढ़ से प्राप्त उक्त पत्र में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधु को 19 सितंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक लखनलाल देवांगन मंत्री श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग छग के साथ रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त रूप से उपस्थित रहकर पार्टी कार्यकर्ताओं के समस्याओं, दु:ख, तकलीफो को सुनने, समझने एवं उनका समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए गए थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश संगठन द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता मधुसूदन की कुशल संगठनात्मक प्रबंधन क्षमता एवं शासन-प्रशासन स्तर पर समस्याओं के निराकरण के पूर्व अनुभव के दृष्टिगत उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।