राजनांदगांव

ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस
16-Sep-2024 3:54 PM
ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर।
पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज ने  शांतिपूर्वक शहर भ्रमण करते भव्य जुलूस निकाला। सोमवार को अलग-अलग क्षेत्रों से मुस्लिम बंधु जुलूस में शामिल हुए। 
मुस्लिम समाज ने सोमवार को भाईचारे का संदेश के साथ परंपरागत रूप से ईद मिलादुन्नबी पर्व मनाया।  पर्व से एक दिन पूर्व रविवार को मुस्लिम समाज द्वारा शहर में बाईक रैली निकाली गई। बाईक रैली शहर के मुख्य मार्गों में भ्रमण करते जूनीहटरी में समाप्त हुई।

हुजूर साहेब मोहम्मद पैगम्बर के जन्मदिन को मुस्लिम समुदाय ईद-मिलादुन्नबी के रूप में मनाता है। सोमवार को शांति के साथ शहर के प्रमुख रास्तों से समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाला। पर्व में कौमी एकता का नजारा भी साफतौर पर नजर आया। गैर मुस्लिमों ने पर्व की बधाई देते एकता और प्रेम का संदेश के साथ आपसी सौहाद्र्र का नजारा पेश किया। इससे पहले समुदाय के लोगों ने तकरीर और परचम कुसाई करने के बाद शहर में पैदल रैली निकाली। डीजे और अन्य साउंड सिस्टम पर भी प्रशासन ने मनाही कर दी थी। लिहाजा पैदल मार्च करते मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शहर के अलग-अलग रास्तों में रैली की। 

मस्जिदों में तकरीर और परचम कुसाई के बाद अलग-अलग क्षेत्रों के मुस्लिम शहर में पहुंचे। इस बीच पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी मस्जिदों में जवानों की तैनाती की थी। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भी पुलिस का सख्त पहरा रहा। पुलिस की मौजूदगी के असर से माहौल सद्भाव भरा रहा।


अन्य पोस्ट