राजनांदगांव

स्पीकर ने दिए राहत कार्य में तेजी लाने निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 सितंबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। डॉ. सिंह राजनांदगांव के ग्राम धामनसरा पहुंचकर बाढ़ प्रभावित जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्राम हल्दी और भंवरमरा पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात की।
उन्होंने ग्राम संगदई पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। डॉ. सिंह ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित जनसामान्य के लिए तत्काल भोजन, पेयजल सहित अन्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पानी का बहाव कम हो जाने के बाद राजस्व विभाग के अधिकारी फसल एवं आवास सहित अन्य क्षति का सर्वे करें, ताकि बाढ़ प्रभावितों को राहत मिल सकें।
विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि बाढ़ आपदा पीड़ाजनक है। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं अन्य सभी मिलकर तत्परता से इस आपदा से निपटने के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रणनीति यह होगी कि एनीकट को बेहतर तरीके से रेग्यूलेट किया जाए। भादो के समय में अत्यधिक वर्षा हुई है। शिवनाथ नदी एवं अन्य नदियों के किनारे बाढ़ आपदा एवं क्षति के रूप में आई है। जिले में धामनसरा, जंगलेशर, मोहड़, हल्दी, सिंगदई, बांकल सहित अन्य ग्रामों में अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति बनी है। जिससे नुकसान हुआ है और फसल की क्षति हुई है। फसल पानी में डूबा है और कच्चे मकान में पानी चला गया है। सडक़ों का नुकसान हुआ है तथा फल एवं सब्जी उत्पादकों को भी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि एनीकट के गेट को रेग्युलेट किया जाए। बारिश में जैसे ही बांध खुलता है, उसके साथ इसे भी खोला जाये और बंद किया जाए। इस दौरान रमेश पटेल, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग सहित अन्य अधिकारी व ग्रामवासी उपस्थित थे।