राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 सितंबर। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने भाजपा के सदस्यता अभियान को मुद्दों से भटकाने वाली उनकी राजनीतिक विचारधारा से उपजा अभियान करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश में सैकड़ों मुद्दे हैं, जिन पर तत्काल दीर्घ कार्ययोजना की आवश्यकता है। ऐसे गंभीर समय पर केंद्र सरकार और राज्य सरकार अपनी असफलता छिपाने आडंबर रच रही है। भाजपा के जनप्रतिनिधि और नेता सत्ता में रहकर जो छल देश-प्रदेश की जनता के साथ कर रहे हैं वह अक्षम्य है।
कुलबीर ने कहा कि लगातार लग रहे उल-जुलूल टैक्स से व्यापारी परेशान हैं। केंद्र की गलत नीतियों के कारण निजीकरण को बावा मिल रहा है। आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। एक के बाद एक देश की चीजें बिकती जा रही हैं, लेकिन भाजपा के लोग सदस्यता अभियान चलाकर आम जनता को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
कुलबीर ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है, तब से कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। महिलाओं के प्रति अपराध के आंकड़ों में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों को तीजा के नाम पर बुलाकर मुख्यमंत्री निवास का गेट बंद कर दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की अराजकता से जनता में त्राही-त्राही है। ऐसे मुश्किल हालातों से जूझ रहे लोगों का ध्यान भटकाने सदस्यता अभियान को ढाल बनाया जा रहा है।