राजनांदगांव

कान्हा नेशनल पार्क में बालाघाट पुलिस संग नक्सल मुठभेड़
06-Sep-2024 4:27 PM
कान्हा नेशनल पार्क में बालाघाट पुलिस संग नक्सल मुठभेड़

 14 लाख ईनामी हार्डकोर महिला नक्सली गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 सितंबर। कान्हा नेशनल पार्क में बालाघाट पुलिस के संग गुरुवार को एक मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक हार्डकोर महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। महिला नक्सली का 14 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। वह मूलत: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की रहने वाली है। बालाघाट रेंज आईजी संजय कुमार ने ‘छत्तीसगढ़’ से महिला नक्सली की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के मुताबिक बालाघाट के नेशनल पार्क कान्हा के परसाटोला चिरंगपुर के जंगल में हॉक फोर्स के साथ नक्सलियों का आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में पुलिस ने सांजती को गिरफ्तार किया है। जवानों ने महिला नक्सली के पास से पिस्टल मय मैगजीन व कुल्हाड़ी समेत अन्य सामान भी जब्त किया है। उक्त महिला नक्सली पर मध्यप्रदेश में 3 लाख, छत्तीसगढ़ में 5 लाख और महाराष्ट्र में 6 लाख रुपए के ईनाम घोषित है। महिला नक्सली पर हत्या, हत्या का प्रयास जैसे गंभीर अपराधों सहित कुल 6 अपराध दर्ज हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सर्चिंग के दौरान जब पुलिस पार्टी उक्त महिला नक्सली को लेकर वापस लौट रही थी। इस दौरान क्षेत्र में केबी डिवीजन के अन्य नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी पर अपने साथी को छुड़ाने के उद्देश्य से लगभग 30-40 फायर किए। जिसके जवाब में पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ 10-15 फायर किए गए। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई से अन्य नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गए। गिरफ्तार महिला नक्सली की पहचान कान्हा-भोरमदेव डिवीजन के खटिया मोचा एरिया कमेटी सदस्य सांजती उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी ग्राम नरगुंडा थाना कसनसुर जिला गढ़चिरौली महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

उक्त महिला नक्सली वर्ष 2011 में नक्सल संगठन में भर्ती हुई थी। वर्ष 2016 से एमएमसी जोन में केबी डिवीजन अंतर्गत खटिया मोचा दलम की सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रही थी। वहीं भाग हुए नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सीआरपीएफ कोबरा और हॉक फोर्स की टीमों द्वारा क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट