राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अगस्त। मोतीपुर अंडरब्रिज में घुटनेभर पानी भर गया है। शनिवार सुबह से दोपहर तक अंडरब्रिज में पानी लबालब भर गया। निकासी फेल होने के कारण पानी अंडरब्रिज में भरा हुआ है। ऐसे में पटरीपार आवाजाही करने का यह मुख्य मार्ग पानी में डूबा हुआ है।
घुटनेभर पानी होने के कारण पैदल चलने वालों की मुसीबत बढ़ गई है। मोटर साइकिल और चार पहिया वाहन भी पानी से गुजर रहे हैं। मोतीपुर अंडरब्रिज निर्माण के दौरान निकासी की पुख्ता व्यवसथा नहीं की गई। हर साल बारिश के दौरान यह ब्रिज पानी में डूब जाता है। एक बड़ी आबादी इस ब्रिज के नीचे से गुजरती है। आज सुबह स्कूली बच्चों के लिए साइकिल से गुजरना परेशानी भरा रहा।
बताया जा रहा है कि तकनीकी रूप से ब्रिज निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए ठोस व्यवस्था नहीं की गई। इस सीजन में हर थोड़े दिन में अंडरब्रिज पानी में डूबा रहा है। ऐसी स्थिति में लोग रेल्वे और अन्य जिम्मेदार अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर खासे नाराज दिख रहे हैं। मोतीपुर और ममतानगर के रास्ते बड़ी आबादी की अंडरब्रिज से आवाजाही होती है।
अंडरब्रिज में पानी जमा होने की समस्या के चलते मोतीपुर और तुलसीपुर के बाशिंदे बंद पड़े रेल्वे क्रॉसिंग को खोलने की मांग कर रहे हैं। अंडरब्रिज निर्माण के दौरान तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया।
खासतौर पर अंडरब्रिज का पानी निकासी को लेकर लापरवाही बरती गई। जिसका खामियाजा एक बड़ी आबादी को हर साल झेलनी पड़ रही है। बहरहाल आज अंडरब्रिज में पानी भरने से स्वीमिंग पुल का नजारा दिखाई दिया।