राजनांदगांव

राजनांदगांव, 31 जुलाई। भगवान श्रीराम लला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम जाने जिलेभर के नागरिकों में व्यापक उत्सुकता है। बड़ी संख्या में अपने निजी प्रयासों से जहां लोग अयोध्या धाम जा रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार की मंशा के अनुरूप भी यात्रियों को नि:शुल्क अयोध्या धाम ले जाया जा रहा है। सरकार गठन के पश्चात जिले से यात्रियों के दो जत्थे पहले ही अयोध्या धाम की यात्रा कर वापस आ चुके हैं। अब तीसरा जत्था आगामी 22 से 25 अगस्त तक अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। जिसकी तैयारी प्रारंभ हो गई है।
श्रीराम लला दर्शन यात्रा समिति के सदस्य मूलचंद लोधी ने बताया कि इस संदर्भ में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिलाधीश की उपस्थिति में यात्रा दर्शन के लिए एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें डिप्टी कलेक्टर श्रीकांत कोर्राम को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। अयोध्या धाम की यात्रा के लिए प्रचार-प्रसार करने का निर्णय हुआ। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में नगरीय निकायों को जिम्मेदारी दी गई है। यह दोनों संस्थान यात्रियों को आवेदन पत्र उपलब्ध कराकर भरवाने का काम करेंगे। अयोध्या धाम जाने चयनित तीर्थयात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों को अधिकृत किया गया है। अयोध्या धाम यात्रा के तीसरे जत्थे में कुल 91 यात्रियों का समावेश किया गया है। इसमें 75 प्रतिशत यात्री ग्रामीण क्षेत्रों व 25 प्रतिशत यात्री शहरी क्षेत्रों से चयनित किए जाएंगे। तीर्थयात्रियों के चयन का जिम्मा ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों द्वारा योजनांतर्गत दिए गए दिशा-निर्देश का पालन करते किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित आयु सीमा 55 वर्ष से लेकर 75 वर्ष के बीच होगी। 65 वर्ष की आयु के यात्रियों को साथ में सहायक ले जाने की सुविधा होगी। आने-जाने-रहने व खानपान की संपूर्ण व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है।
श्री लोधी ने बताया कि शासन द्वारा गठित श्रीराम लला दर्शन यात्रा समिति में जिलाधीश पदेन अध्यक्ष है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिला पुलिस अधीक्षक, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिले के सत्कार अधिकारी पदेन सदस्य बनाए गए हैं। इसी प्रकार जिला भाजपा के उपाध्यक्ष मूलचंद लोधी इस समिति में एकमात्र नामांकित सदस्य रखे गए हैं।