राजनांदगांव

बालक में धमतरी, रायगढ़, कबीरधाम और जांजगीर-चांपा ने पहले दिन मारी बाजी
26-Jun-2024 4:09 PM
बालक में धमतरी, रायगढ़, कबीरधाम और जांजगीर-चांपा ने पहले दिन मारी बाजी

 5वीं जूनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 जून। हॉकी छत्तीसगढ़ व जिला हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5वीं जूनियर हॉकी बालक-बालिका राज्य स्तरीय हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ मंगलवार को महापौर हेमा देशमुख के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

अध्यक्षता समाजसेवी रूबीना अंजुम अल्वी ने की। इस दौरान छग हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, छग हॉकी संघ की कोषाध्यक्ष आशा थॉमस, जिला हाकी संघ सचिव शिवनारायण धकेता, भूषण साव, गणेश प्रसाद शर्मा, रामअवतार जोशी, रणविजय प्रताप सिंह, महेन्द्र ठाकुर, मृणाल चौबे, अनिशा साहू, अनुराज श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ हॉकी खिलाडियों व सदस्यो की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि राजनांदगांव खेल के लिए प्रसिद्ध है। हॉकी यहां का मुख्य खेल है, जो देशभर में जाना व खेला जाता है। दृढ़ इच्छा शक्ति होने से बड़े से बड़े कार्य भी सफलता प्राप्त करते हैं। अध्यक्षता करते समाजसेवी रूबीना अंजुम अल्वी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से दुरूस्त क्षेत्रों में भी हॉकी को बढ़ावा मिल रहा है। जिससे प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। इस स्पर्धा से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने स्वागत भाषण देते कहा कि  सभी खिलाड़ी अपने खेल भावना का परिचय देते उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर आगे बढ़ें।

स्थानीय  अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ  स्टेडियम में 28 जून तक आयोजित 5वीं जूनियर बालक-बालिका हॉकी स्पर्धा के पहले दिन बालिका वर्ग में प्रात: से खेले गए मैच में हॉकी रायगढ़ ने स्पोटर्स हॉकी अकादमी रायपुर को 4-1 गोल से पराजित किया। दूसरे मैच में हॉकी दुर्ग ने जांजगीर चांपा को 4-0 गोल से पराजित किया। तीसरे मैच में हॉकी बिलासपुर ने हॉकी बेमेतरा को 21-0 गोल से पराजित किया।

वहीं अपरान्ह में खेले गए बालक वर्ग में पहला मैच हॉकी धमतरी विरूद्ध हॉकी बिलासपुर के मध्य खेला गया। हॉकी धमतरी ने 11-0 गोल से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूसरे मैच में  हॉकी कबीरधाम ने हॉकी बेमेतरा को 3-1 गोल से पराजित  किया। तीसरे मैच में  हॉकी रायगढ़ ने हॉकी दंतेवाडा को 7-0 गोल से पराजित किया। चौथा व उद्घाटन मैच जांजगीर चांपा के विरूद्ध महासमुंद के मध्य खेला गया। यह मैच जांजगीर चांपा ने 2-1 गोल से जीत दर्ज की।


अन्य पोस्ट