राजनांदगांव

विश्व पर्यावरण दिवस : तीन स्थानों पर 130 पौधों का रोपण
06-Jun-2024 4:42 PM
विश्व पर्यावरण दिवस : तीन स्थानों पर 130 पौधों का रोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून।
पर्यावरण संरक्षण के लिए इस वर्ष भी नगर निगम द्वारा शहर में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। जिसका शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस पर बुधवार को शहर के विभिन्न स्थानों में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा अधिकारियों ने पौधरोपण कर किया।

वृक्षारोपण के तहत महापौर हेमा सुदेश देशमुख, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु एवं पार्षदों ने रानीसागर स्थित शनिधाम के पास तथा कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह व नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने कलेक्टोरेट परिसर के अलावा समाजसेवियों ने नया बस स्टैंड, जेल रोड में विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाए। वृक्षारोपण के तहत तीनों स्थानों में कदम, जामुन, बदाम, नीम,शिशम, करंज, गुलमोहर, आम, कुशुस, मिलिनटोनिया, कवासा, अर्जुन प्रजाति के लगभग 130 पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि आज विश्व में सबसे बड़ी समस्या पर्यावरण बचाने की है। आज के इस घनी आबादी वाले युग में नगर बसाने पेड़-पौधे बेरहमी के काटे जा रहे हंै और लगाए नहीं जा रहेे है। जिसका परिणाम यह हो रहा है कि पर्यावरण का संतुलन बिगड़ गया है। जिससे कम वर्षा हो रही है। इसे ध्यान में रखते हम सब को पेड़ लगाना है। इसके लिए आज हम सब संकल्प ले कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर एवं आसपास खुले स्थानों पर पौधरोपण करेंगे एवं उसकी रक्षा करेंगे।

कलेक्टर अग्रवाल ने कलेक्टोरेट परिसर में कहा कि हमें पौधरोपण करने तक ही सीमित नहीं रहना है, बल्कि पौधों को संरक्षित करने की जिम्मेदारी भी लेनी है और प्रतिदिन पौधों में पानी देना है। उन्होंने कहा कि बागवानी में रूचि लेने वाले एक समूूह बनाए और इस उद्यान को सुंदर एवं हराभरा बनाए। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षक के लिए पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों में पौधरोपण कर उसे सिंचित करें, ताकि वृक्ष का रूप ले सके। जल संरक्षण के लिए सोख्ता गड्ढा बनाए। आयुक्त गुप्ता ने कहा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शहर में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों द्वारा विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपित किए जा रहे हैं। निगम द्वारा विभिन्न स्थानों में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थिति होकर अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों ने पौधरोपण किए।
 


अन्य पोस्ट