राजनांदगांव

दिल्ली में आवाज उठाने 4 को मिलेगा नांदगांव को नया सांसद
03-Jun-2024 3:57 PM
दिल्ली में आवाज उठाने 4 को मिलेगा नांदगांव को नया सांसद

 कांग्रेस-भाजपा के अपने दावों में जीत सुनिश्चित, दोपहर तक सामने होंगे नतीजे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 जून। प्रदेश के सबसे हाईप्रोफाइल सीट राजनंादगांव लोकसभा को कल मंगलवार को दिल्ली की संसद भवन में प्रतिनिधित्व करने के लिए नया सांसद मिल जाएगा। कल 4 जून को देशभर के लोकसभा सीटों के नतीजों के साथ राजनांदगांव के परिणाम सामने आ जाएंगे। दोपहर तक नतीजे लगभग स्पष्ट हो जाएंगे। कल प्रस्तावित मतगणना को लेकर भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों की धडक़ने तेज हो गई है।

खासतौर पर पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल की राजनीतिक परीक्षा के लिहाज से कल का दिन काफी महत्वपूर्ण है। वहीं भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे के लिए भी यह चुनाव नाक का सवाल बन गया है। राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के 4 जिलों में मतगणना तय समय 8 बजे से प्रारंभ होगी।

 हर राउंड की गिनती के लिए 14-14 टेबल लगाए गए हैं। पंडरिया और कवर्धा विधानसभा में 21-21 टेबल होंगे। वोटों की गिनती के लिए विधानसभावार काउंटिंग हाल तैयार किया गया है। इससे पहले पुलिस ने रविवार को मतगणना की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मॉकड्रिल किया। किस तरह से पुलिस मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था सम्हालेगी, उस आधार पर अभ्यास किया गया। चोरों जिलों के कर्मचारियों को मतगणना के लिए प्रशिक्षित किया गया है। तकरीबन 600 से ज्यादा कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

इस बीच हार और जीत को लेकर राजनीतिक दलों में कयासों का दौर चल रहा है। पार्टियां जीत को लेकर अपने-अपने अनुमान को सही ठहरा रही है। नतीजों के साथ यह साफ हो जाएगा कि जनता ने किनका साथ दिया है।

भाजपा-कांग्रेस में चुनाव प्रचार के दौरान काफी उठापटक रही। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने प्रचार के लिहाज से गदर मचाया। जबकि पांडे ने केंद्रीय योजनाओं और मोदी के बदौलत जनता से दोबारा दिल्ली भेजने के लिए प्रचार किया। कुल मिलाकर राजनांदगांव लोकसभा का चुनाव इस बार बेहद ही रोमांचकारी रहा। जनादेश किसके पक्ष में गया, यह कल स्पष्ट होगा।

पिछली जीत का रिकार्ड तोड़ेंगे - पटेल

भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी संतोष पांडे की जीत को लेकर दावा करते कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में मिले मतों की तुलना में कल आने वाले परिणाम बेहतर होंगे। उन्होंने कहा कि पांडे के पक्ष में माहौल है। केंद्रीय  योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर राजनांदगांव की जनता ने भरोसा किया है। पांडे जीत हासिल कर नया रिकार्ड बनाएंगे।

भूपेश की एक लाख मतों से होगी जीत - भागवत

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भागवत साहू ने कल आने वाले चुनावी परिणाम को लेकर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक लाख से ज्यादा मतों से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति और नीति को जनता ने परख लिया। सांसद पांडे की निष्क्रियता के चलते राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र पिछड़ेपन का शिकार रहा। पूर्व सीएम बघेल के तौर पर संसदीय क्षेत्र को एक सुलझा हुआ सांसद मिलेगा। बघेल के नेतृत्व में क्षेत्र की राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बढ़ेगी।


अन्य पोस्ट