राजनांदगांव

रमन और मधुसूदन की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री ने जारी किए स्वीकृति आदेश
राजनांदगांव, 29 मई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम विचारपुर निवासी टोमनलाल बंजारे की 13 वर्षीय पुत्री साक्षी बंजारे कुछ सालों से ब्लड कैंसर बीमारी से जूझ रही है। टोमनलाल अपनी 13 वर्षीय पुत्री साक्षी बंजारे को ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने का पता चलने पर उसे सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया, जहां से मरीज को इलाज के लिए भिलाई स्थित एक अस्पताल में भर्ती किया गया।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान होने वाले खर्च को वहन करने में असक्षम मरीज के पिता टोमनलाल ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से भेंट कर अपनी व्यथा से अवगत कराया और अपनी पुत्री के इलाज हेतु मदद की गुहार लगाई। पूर्व सांसद ने इस प्रकरण की गंभीरता को भांपते तुरंत मरीज को मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजनांतर्गत फार्म भरवाकर एवं प्रस्ताव तैयार करवाकर स्वीकृति के लिए राज्य नोडल एजेंसी को भिजवाया और इस प्रकरण में तत्काल राशि स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अनुरोध किया।
डॉ. सिंह ने भी इस प्रकरण में मुख्यमंत्री को मरीज के उपचार के लिए तत्काल राशि जारी करने अनुशंसा पत्र भेजा। मुख्यमंत्री साय ने भी मरीज साक्षी के प्रकरण में सहानुभूतिपूर्वक विचार करते तत्काल नियमों को शिथिल करते 18 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की और स्वीकृति के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. रमन सिंह और मधुसूदन यादव को सूचना दी गई। उक्त स्वीकृति आदेश की एक प्रति पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने साक्षी के पिता टोमनलाल बंजारे को सौंपते उसे राशि स्वीकृति के संबंध में खुशखबरी दी। आर्थिक मदद स्वीकृत होने पर टोमनलाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को धन्यवाद देते उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।