राजनांदगांव

दुर्ग-जांजगीर से भी युवक पकड़ाए
एक को पूछताछ के बाद छोड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 मई। स्टॉक मार्केटिंग के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में महाराष्ट्र के अमरावती पुलिस ने राजनंादगांव समेत दुर्ग, जांजगीर से कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। जिसमें राजनंादगांव के एक युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। फोर्थ इंडियन स्टॉक मार्केट एनालिसिस एंड लर्निंग ग्रुप द्वारा अमरावती के रहने वाले एक व्यक्ति से 35 लाख रुपए ठगी की गई है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के मुताबिक 5 माह पहले अमरावती जिले के पतरवाड़ा के आशीष महादेव ने फोर्थ इंडियन स्टॉक मार्केट एनालिसिस एंड लर्निंग ग्रुप के साथ जुडक़र पूरी गतिविधियों को बखूबी समझा। विश्वास होने के बाद पीडि़त को ग्रुप की ओर से एक लिंक भेजा गया। जिसमें उनका लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाया गया। इस पासवर्ड के जरिये पहली बार 8 जनवरी 2024 को शिकायतकर्ता ने ग्रुप से ट्रेड खरीदा। जिसमें उसे फायदा नजर आया। इसके बाद कई बार उन्होंने ट्रैक की खरीदी की। उक्त समूह में दिखाए गए शेयर के आधार पर उन्होंने पूरे विश्वास के साथ खरीदी की। इस बीच समूह के एक व्यक्ति दिगंत अवस्थी के खाते में पीडि़त ने 31 लाख 35 हजार रुपए के शेयर खरीदे और अचानक शेयर में गिरावट नजर आई। जिसके चलते शिकायतकर्ता ने रिफंड मांगना शुरू किया। इसके बाद उसे अहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
पुलिस ने शिकायत के बाद राजनांदगांव पहुंचकर दिगंत अवस्थी के अलावा एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि दूसरे युवक को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। वहीं अमरावती पुलिस ने दुर्ग और जांजगीर से भी कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।