राजनांदगांव

जल्द पुलिस करेगी पूर्व जिपं सदस्य के बेटे के हत्यारों का पर्दाफाश
14-May-2024 12:14 PM
जल्द पुलिस करेगी पूर्व जिपं सदस्य के बेटे के हत्यारों का पर्दाफाश

 खैरागढ़ पुलिस के हाथ लगे सुराग, आरोपियों ने गाडिय़ों के बीमा क्लेम लालच में की हत्या?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मई। खैरागढ़ जिले में कांग्रेस की पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे की हत्या का खुलासा जल्द करेगी। पुलिस आरोपियों के गिरेबान तक पहुंच गई है। पूरा मामला गाडिय़ों के बीमा क्लेम के लालच से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी की पहचान कर ली है।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य रेखा वर्मा के बेटे उत्तम जंघेल का शव डोंगरगढ़-खैरागढ़ मार्ग में स्थित कुम्ही गांव के पास मिला था। पुलिस ने मौके का मुआयना कर हत्या को सडक़ हादसा देने की कोशिश को भांप लिया। फारेंसिक रिपोर्ट और शार्ट पीएम में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। 

सूत्रों का कहना है कि आरोपियों का मृतक से लेनदेन था। मृतक शराब पीने का आदी था। घर के सदस्य उससे परेशान रहते थे। सूत्रों का कहना है कि मृतक शराब पीने की लालच में घर के सामान और संपत्ति को बेच देता था। इस बीच उसने कुछ वाहन अपने नाम से फाईनेंस कराया था। इन्हीं वाहनों को हड़पने की नियत से अज्ञात आरोपियों ने मृतक को रास्ते से हटाने हत्या की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आसपास के इलाकों से आरोपियों की पहचान कर ली है। जल्द ही पुलिस इस मामले का पर्दाफाश करेगी। मृतक मौत से एक दिन पहले सुबह-सुबह अपने घर से बिना बताए निकला था। घर से निकलने के बाद उत्तम कहां गया, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को नहीं थी। वहीं शनिवार सुबह खैरागढ़ से लगे ग्राम कुम्ही में मृतक का शव मिला था।


अन्य पोस्ट