राजनांदगांव

खैरागढ़ नपा अध्यक्ष का इस्तीफा राज्य सरकार ने किया मंजूर
11-May-2024 1:12 PM
खैरागढ़ नपा अध्यक्ष का इस्तीफा राज्य सरकार ने किया मंजूर

 13 फरवरी को वर्मा ने पद से दिया था त्यागपत्र, नए अध्यक्ष के लिए जोड़तोड़ शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

राजनांदगांव, 11 मई। कांग्रेस से खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा के इस्तीफे को राज्य सरकार ने मंजूर कर लिया है।

ज्ञात हो कि 13  फरवरी को वर्मा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देकर अध्यक्ष की कुर्सी छोड़ दी थी। उन्होंने त्याग पत्र दे दिया था। हालांकि दो दिन बाद यू-टर्न लेते हुए वर्मा ने इस्तीफा देनेसे इंकार कर इस्तीफे को सीएमओ की साजिश करार दिया था। इस मामले को लेकर बवाल मच गया था। 

यह मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने सीएमओ प्रमोद शुक्ला और अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा से बयान भी लिया था।

बताया जा रहा है कि कथित इस्तीफे के बाद वर्मा ने हाईकोर्ट में भी अपील की थी, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई थी, तब से अध्यक्ष की कुर्सी खाली पड़ी थी। राज्य सरकार ने 13 अप्रैल को जारी राजपत्र में छत्तीसगढ़ नपा अधिनियम 1961 की धारा प्रदत्त शक्तियों को उपयोग में लाते हुए वर्मा द्वारा दिए गए इस्तीफे को मंजूर कर लिया।

बताया जा रहा है कि वर्मा ने राज्य में कांग्रेस सरकार की हार के बाद इस्तीफा दिया था। सियासी स्तर में वर्मा पर पद छोडऩे दबाव बनाने की चर्चा थी।  

ज्ञात हो कि वर्मा निकाय चुनाव में सिक्का उछालकर अध्यक्ष बने थे, वहीं उपाध्यक्ष के तौर पर रज्जाक खान की नियुक्ति हुई थी। कांग्रेस भले ही खैरागढ़ नगर पालिका में सत्तासीन हुई, लेकिन क्षेत्रीय विधायक यशोदा वर्मा और अध्यक्ष शैलेन्द्र के बीच खींचतान चलती रही। कांग्रेस कई धड़ों में बंटी रही। सरकार बदलते ही वर्मा ने परिवारिक समस्या का हवाला देकर पद छोड़ दिया। अब जल्द ही राज्य सरकार नए अध्यक्ष को मनोनीत कर सकती है।

नगर पालिका में बहुमत कांग्रेस का है। जोड़-तोड़ करने से ज्यादा सरकार सीधे मनोनयन की नीति अपनाकर अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा समर्थित पार्षद को निकाय की जिम्मेदारी सौंप सकती है।


अन्य पोस्ट