राजनांदगांव

पानी की समस्या दूर नहीं करने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
09-Apr-2024 2:16 PM
पानी की समस्या दूर नहीं करने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

 हालाडुला के ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 अप्रैल। पानी की समस्या दूर नहीं होने की स्थिति में छुरिया विकासखंड के ग्राम हालाडुला के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव बहिष्कार की धमकी दी है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन को एक तरह से चेतावनी दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हालाडुला के निवासी रामप्रसाद श्याम के नेतृत्व में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नांदगांव जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में जलसंकट दूर करने की मांग की। वहीं समस्या का समाधान नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी। ग्रामीणों ने कहा कि तीन महीने से गांव में पानी का संकट बना हुआ है। हैंडपंप खराब होने सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, फिर भी आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

भीषण गर्मी के चलते हैंडपंप का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। पेयजल के लिए चार से पांच घंटे तक इंतजाम करना पड़ता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान सुधा साहू, लालेश्वरी, पिंकी साहू, महेश्वरी नेताम, उसियाबाई, सावित्रीबाई, कलिन्द्रीबाई, कदमबाई, संत्रीबाई, आशाबाई, भगवती यादव, दुर्गावती, रेखाबाई, चुनेश्वरी, हेमलता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी।


अन्य पोस्ट