राजनांदगांव

मलईडबरी पहाड़ में मारकर दफनाया, 5 बंदी
29-Mar-2024 1:18 PM
मलईडबरी पहाड़ में मारकर दफनाया, 5 बंदी

युवक की हत्या की गुत्थी सुलझी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 29 मार्च।
तुमड़ीबोड़ क्षेत्र के मलईडबरी के पहाड़ में युवक को मारकर शव को दफन करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस सूत्रों का कहना है कि वारदात से पहले आरोपियों ने युवक के साथ शराब पीया था। नशे की हालत में विवाद होने पर युवक की हत्या कर दी। करीब दो माह बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझा ली।

मिली जानकारी के मुताबिक कोहकाढाबा का डिगेश्वर साहू लगभग दो माह से लापता था। वह अपनी बहन और जीजा के साथ गांव में रहता था। गत 31 जनवरी से वह अचानक गायब हो गया। परिवार के सदस्य गायब हुए युवक को लाइन गाड़ी में चले जाने की उम्मीद में थे। करीब 4 दिन पहले मलईडबरी के पहाड़ में ग्रामीणों की नजर गड्ढे में दफन शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फारेंसिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने पूछताछ शुरू करते हुए गांव के ही 5 युवकों को गिरफ्तार किया है।  

सूत्रों का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तारी की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को दो दिन तक मौके पर ही छोड़ दिया था। बाद में शव को जमीन में दफन कर दिया। दोपहर बाद राजनांदगांव पुलिस की ओर से प्रेस कान्फ्रेंस कर घटना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

 


अन्य पोस्ट