राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 मार्च। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर में 8 मार्च को भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर की भव्य शोभायात्रा एवं पगड़ी यात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों शिवभक्त शामिल होंगे। भगवान शिवजी की भव्य झांकी भी आकर्षण का केन्द्र रहेगी।
महाकाल मंदिर सिंघोला एवं महाकाल सेना के संयोजक पवन डागा व भाजपा नेता नीलू शर्मा ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महशविरात्रि पर्व को धूमधाम से मनाया जाएगा।
8 मार्च को दोपहर 3 बजे से शहर के नंदई कुंआ चौक से भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न मार्गों में भ्रमण करते यह शोभायात्रा शाम को महाकाल मंदिर सिंघोला पहुंचेगी, जहां इस शोभायात्रा का समापन होगा। शोभायात्रा के दौरान बैंड पार्टी, राऊत नाचा, आदिवासी नृत्य, नंदी में सवार भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी भी निकाली जाएगी। इसके अलावा महाशिवरात्रि पर्व पर 8 मार्च को महाकाल मंदिर सिंघोला में सुबह 2.30 बजे भगवान महाकाल का महारूद्राभिषेक किया जाएगा। सुबह चार बजे बाबा को भस्म अर्पण व आरती तथा 5 बजे श्रृंगार आरती होगी। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर रूप में पालकी में नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। रात्रि 7 बजे से महाभिषेक, प्रात: 4 बजे तक व सुबह 5 बजे बाबा का सेहरा दर्शन आरती होगी। दूसरे दिन 9 मार्च को दोपहर 2 बजे भस्म आरती होगी। यह साल में एक दिन दोपहर में होने वाली भस्म आरती होगी।