राजनांदगांव

कारोबारी से पौने दो लाख की लूट
05-Mar-2024 3:47 PM
कारोबारी से पौने दो लाख की लूट

राजनांदगांव, 5 मार्च। शहर के एक व्यापारी के साथ रविवार देर रात को लूट से रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी में सनसनी फैल गई। कारोबारी के साथ लूटपाट करने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मोटर साइकिल से फरार हो गया। बसंतपुर पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गुड़ाखू लाइन स्थित शंकर प्लास्टिक के संचालक दिनेश पंजवानी नामक व्यापारी रविवार रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर मोपेड से रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी स्थित घर के लिए निकले थे। वह जैसे ही रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी फेस-1 के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात युवक की आवाज सुनकर व्यापारी रूक गया। पास में आते ही व्यापारी के कंधे पर हाथ मारते गाड़ी के पैरदान में रखे बैग को लेकर आरोपी एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के मोटर साइकिल में बैठकर भाग गया। व्यापारी ने वहां शोर भी मचाया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था।  व्यापारी का कहना है कि बैग में एक लाख 85 हजार रुपए नगद थे। उक्त रकम व्यवसाय का था। वहीं बैग में दुकान और गोदाम की चाबी भी आरोपी अपने साथ ले गया। रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी को काफी रिहायशी माना जाता है। इस क्षेत्र में हुई लूटपाट की घटना से लोगों में दहशत है।

 बसंतपुर थाना प्रभारी सत्यनारायण का कहना है कि जल्द ही आरोपी पकड़ में आ जाएंगे।

महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। आरोपी की खोजबीन की जा रही है।


अन्य पोस्ट