राजनांदगांव

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मार्च। केन्द्र की भाजपानीत मोदी सरकार की विफलताओं एवं गलत नीतियों के कारण देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है। दैनिक आवश्यक रोजमर्रा वस्तुओं जैसे खाद्य पदार्थ, सब्जी, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, सीएनजी/पीएनजी की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। जिसको लेकर शहर जिला कांग्रेस व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में एक दिवसीय विरोध-प्रदर्शन किया गया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा तथा जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू के नेतृत्व में 2 मार्च को जयस्तंभ चौक स्थित गोल बाजार के पास प्रतिकात्मक रूप से विरोध प्रदर्शन कर जनसमर्थन जुटाया। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल, गैस सिलेंडर, खाद्य तेल एवं अन्य घरेलू सामानों के दाम बेतहाशा बढ़ा रही है। स्थिति यह है कि महंगाई के कारण आज आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।
शहर अध्यक्ष छाबड़ा ने कहा कि मोदी ने कहा था कि केन्द्र में हमारी सरकार आते ही 100 दिन में महंगाई कम करेंगे, अच्छे दिन लाएंगे सपना दिखाकर महंगाई इतना बढ़ा दी कि गरीब, मध्यम वर्ग का जीना दुस्वार हो गया। गैस सिलेंडर सहित दैनिक रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाने से लोग परेशान है। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा कमर्शियल गैस के दामों में लगातार इजाफा कर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है।
केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते कांग्रेसजन हाथों में तख्तियां लिए केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते कांग्रेस भवन से निकले जो गोलबाजार, गुडाखू लाइन होते हुए जूनीहटरी से वापस जयस्तंभ चौक में आमसभा के साथ समापन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों द्वारा सब्जी खरीदी की गई। विरोध प्रदर्शन में धनेश पाटिला, हेमा देशमुख, रमेश डाकलिया, रमेश राठौर, डॉ. थानेश्वर पाटिला, विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, सविता ठाकुर, झम्मन देवांगन, नरेश शर्मा, नासिर जिंदरान, आसिफ अली, आदि उपस्थित थे।