राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी। परिवहन एवं यातायात विभाग ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया। जांच में 10 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते 13 हजार 600 रुपए वसूला गया। वहीं छुरिया मंडई में यातायात रथ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 34वें राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के 28वें दिन एसपी मोहित गर्ग के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं उप पुलिस यातायात हेमप्रकाश नायक के मार्गदर्शन में परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त चेकिंग कार्रवाई किया गया।
कार्रवाई के दौरान सीजी-12 एके-7253, सीजी-28-के-6788, सीजी-08-एएफ -2487, सीजी-07-सीए-1075 वाहनों पर 7600 रुपए का ऑनलाइन चालान एवं अन्य 6 वाहनों पर 6 हजार रुपए का समन शुल्क रसीद काटा गया। इस तरह 10 वाहनों से 13 हजार 600 रुपए वसूला गया। साथ ही वाहनों के पीछे रेडियम टेप लगाया गया एवं यातायात नियमों का पालन करने वाहन चालकों को समझाईश दी गई। साथ ही यातायात रथ के माध्यम से प्रधान आरक्षक रोहित गजेन्द्र द्वारा रीवागहन, भानपुरी, कोपेडीह, तुमड़ीबोड़, कोहका, मलईडबरी, कोलिहापुरी, तेन्दुनाला, महाराजपुर, चिचोला, पाटेकोहरा, लालूटोला, डुमरडीह, छुरिया मंडई में संगीत, अलाउंस एवं पाम्पलेट वितरण कर आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव यातायात पुलिस आम लोगों से अपील कर रही है कि नशे की हालत में कभी वाहन न चलाएं, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन न चलाएं, दुपहिया वाहन में तीन सवारी न चले, वाहन चलाते समय मोबाईल में बात न करे, तेज गति से वाहन न चलाये, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं। नियंत्रित गति में वाहन चलाएं, सम्पूर्ण यातायात नियमों का पालन करें। जिससे किसी भी प्रकार की सडक़ दुर्घटना न हो एवं किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि न हों।