राजनांदगांव

कैम्प का निरीक्षण कर जवानों से की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 फरवरी। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज दीपक झा ने नक्सल प्रभावित संवेदनशील कैम्प का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कटेमा आईटीीपी का आकस्मिक निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा कैम्प कटेमा, मौहाढ़ार, घाघरा एवं गातापार थाना की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा सावधानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजनांदगांव रेंज राजनांदगांव दीपक झा ने जिला केसीजी के सुदूर क्षेत्र स्थित कटेमा आईटीबीपी कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, अति. पुलिस अधीक्षक नेहा पाण्डेय, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गण्डई प्रशांत खाण्डे भी मौजूद थे।
पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने कैंप का निरीक्षण करने के बाद आईटीबीपी व पुलिसकर्मियों के साथ भी मीटिंग की। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे आईजी कटेमा आईटीबीपी कैंप में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने आईटीबीपी व पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही पुलिसकर्मियों और आईटीबीपी की समस्याओं का हल करने एसपी को निर्देशित किया। इसके अलावा नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा कर कई दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल द्वारा कैम्प कटेमा, मौहाढार, घाघरा एवं थाना गातापार के सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा व इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान आईटीबीपी के कंपनी कमांडर कटेमा, घाघरा, मौहाढार, जिला रक्षित निरीक्षक के. देव राजू व थाना प्रभारी गातापार सहित आईटीबीपी कटेमा, डीआरजी गातापार व छस बल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।