राजनांदगांव
राजनांदगांव, 10 फरवरी। जिले में शासन की महतारी वंदन योजना अंतर्गत फार्म भरने महिलाएं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी केन्द्र एवं वार्ड कार्यालय में पहुंच रही हैं। वहीं दूसरी ओर ऑनलाईन भी फार्म भरे जा रहे हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस योजना के प्रति महिलाओं में उत्साह एवं हर्ष व्याप्त है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में महतारी वंदन योजना के फार्म भरवाने निरंतर कार्य किया जा रहा है। महिलाओं ने इस योजना का लाभ लेने गुरुवार को 38 हजार 352 फार्म भरे हैं। अब तक कुल 96 हजार 686 आवेदन जमा किए गए हैं। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि शासन की महतारी वंदन योजना के प्रति महिलाओं में जागरूकता एवं उत्साह है। जिले में पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध हैं। पात्र हितग्राहियों को शासन की इस महती योजना से लाभ मिले इसके लिए लगातार फार्म भराए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि फार्म भरने में कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए महिलाओं को मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हरसंभव कार्य किए जा रहे हंै।