राजनांदगांव

महतारी वंदन योजना : एमएमसी जिले में प्रथम दिन 955 महिलाओं ने कराया पंजीयन
08-Feb-2024 3:09 PM
महतारी वंदन योजना : एमएमसी जिले में प्रथम दिन 955 महिलाओं ने कराया पंजीयन

राजनांदगांव, 8 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना से जिले की महिलाएं काफी उत्साहित है। महिलाओं की चेहरे पर खुशी झलक रही है। उत्साह से लबरेज महिलाओं ने योजना को कारगर बताया। महिलाओं ने कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं से जो वादा किया था। वह अब पूरा होने जा रहा है। महतारी वंदन योजना से हम जैसे विवाहित महिलाओं को अब एक हजार रुपये प्रतिमाह मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना रोजाना की आर्थिक जरूरतों का सहारा बनेगी। दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलेगा। घर का राशन, और जरूरत की पूर्ति होगी। महतारी वंदन योजना को लेकर जिले की महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं आंगनबाड़ी केंद्रों में बड़ी संख्या में योजना का फॉर्म भरने पहुंच रही हैं।

ग्राम दिघवाड़ी की गीता यादव कहती हैं कि सालाना 12 हजार रुपए मिलेंगे। यह हमारी कई जरुरत को पूरा करने में मददगार बनेगा। रोज की छोटी मोटी जरूरतों, बच्चों के लिए लगने वाले दवाई, उनकी कापी-पुस्तकों के लिए काफी मददगार साबित होगी। ग्राम हथरा निवासी कान्ति बाई ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिले रुपए से हम अपनी स्वयं की जरूरतें पूरी कर लेंगे। साथ ही अब घर की छोटी-मोटी चीजों के लिए अपने पति को बार-बार बोलना नहीं पड़ेगा। आज हम जैसे सभी महिलाओं में भारी उत्साह है। महतारी वंदन योजना से छत्तीसगढ़ सरकार के मुखिया विष्णुदेव साय ने जो कहा तथा उसे पूरा करके दिखा रहे है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की जाएगी। राज्य के सभी जिलों में ऑनलाईन फॉर्म एवं ऑफलाईन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में प्रथम दिन 955 महिलाओं ने महतारी वंदन योजना का फार्म भरा है।


अन्य पोस्ट